अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से की 75 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या

उरई{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम भदेवरा में 75 वर्षीय वृद्धा परमा देवी की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। घटना गुरुवार रात की है, जब परमा देवी अपनी 21 वर्षीय नातिन पल्लवी जाटव के साथ घर पर अकेली थीं। इस दौरान अज्ञात हमलावरों द्वारा वृद्धा की हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस शुक्रवार की सुबह घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक परमा देवी घर पर अपनी 21 वर्षीय नातिन पल्लवी जाटव के साथ रह रही थीं। उनका बेटा कृष्ण बिहारी पशु बाड़े पर रहता था, जहां उसकी भैंस को बछड़ा हुआ था, जो घर से कुछ ही दूरी पर स्थित है। गुरुवार की रात में जब परमा देवी और पल्लवी ही घर में मौजूद थीं। रात के समय अज्ञात हमलावर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और आंगन में रखे सिलबट्टे से परमा देवी पर हमला कर दिया। उनका सिर बुरी तरह से कुचल दिया गया जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सुबह जब नातिन पल्लवी जाटव उठी तो उसने खून से लथपथ अपनी दादी को मृत अवस्था में देखा। यह दृश्य देखकर वह चीख पड़ी और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पल्लवी के पिता के साथ पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना पाकर सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद, कोतवाल अजीत सिंह सहित कोतवाली पुलिस टीम फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ कि हमलावर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।