जिला प्रशासन के नवाचार देश के विकास के मार्ग को प्रशस्त करेगाः केंद्रीय मंत्री अशेाक नगर{ गहरी खोज }: केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार अग्रसर हो रहा है। पिछले 11 वर्षों में भारत एक ध्रुव तारे के रूप में विश्व पटल पर चमक रहा है। भारत का नया रूप शक्ति का रूप है। नये भारत के रूप में मातृ शक्ति का आव्हान करना होगा। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया गुरुवार को मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला मुख्यालय स्थित मानस भवन में आयोजित रेवा शक्ति अभियान, हृदय अभियान तथा एकल सेवा पोर्टल के शुभारंभ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नवाचार के रूप में जिले में रेवा शक्ति अभियान, हृदय अभियान तथा एकल सेवा पोर्टल का शुभारंभ कर नए उद्घोष की शुरुआत की गई। यह तीनों नवाचार जिला ही नहीं, बल्कि देश के विकास के मार्ग को प्रशस्त करेगा। सिंधिया ने कहा कि मेरी कई वर्षों से महिलाओं को प्रथम पक्ति में लाने की कोशिश रही है। महिलाएं प्रथम पक्ति में आती हैं, तब भी पुरूष उन पर काबिज होने की कोशिश करते हैं। अध्यक्ष पति, पार्षद पति की प्रथा को समाप्त करना होगा और महिलाओं को आगे लाना होगा। प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2014 में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं अभियान चलाया गया था। एक समय था जब सोचा जाता था बेटी का जन्म है तो बोझ है। आज भारत में एक नई विचार धारा उत्पन्न हुई है। अगर बेटी का जन्म हुआ, तो घर में बेटी नहीं, मां दुर्गा, मां लक्ष्मी का जन्म हुआ है। हर माता पिता की सोच होती है, सफलता की प्रति हमारी बेटी हो। बेटी का दायित्व अपने नये घर और पुराने घर का होता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नवाचार कर रेवा अभियान, हृदय अभियान एवं एकल सेवा पोर्टल का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कलेक्टर आदित्य सिंह सहित जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि कलेक्टर ने अपने तरकस में एक तीर से तीन-तीन निशान साधे हैं, जिनका लाभ जिले को मिलेगा। उन्होंने कहा कि रेवा शक्ति एक अतुल्य अभियान की शुरूआत हुई है। जिस घर में एक या एक से अधिक बच्चियां है, उन्हें पहचान के रूप में कीर्ति कार्ड प्रदान किया जायेगा। कीर्ति कार्ड समाज में सम्मान बढ़ाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि रेवा शक्ति पहचान पत्र के साथ उनका मान, सम्मान अशोकनगर स्तर पर ही नही राष्ट्र पटल पर भी माना जायेगा। कीर्ति कार्ड धारकों को विशेष सुविधा प्रदान की जायेगी। रेवा शक्ति अभियान भारत के विकास के मार्ग को भी प्रशस्त करेगा। इस अभियान से मानसिक बदलाव, दृष्टिकोण में परिवर्तन आएंगे, जिससे समाज में उद्घोष की शुरूआत होगी, जिससे विकास का मार्ग भी प्रगति की ओर प्रशस्त होगा। लिंगानुपात की क्रांति एक जंग है, उस लिंगानुपात का कार्य अंत तक करना होगा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि ह्दय अभियान स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा का संयुक्त अभियान है। अभियान के तहत जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और कुपोषण को मुक्त कराना है। इस अभियान के अंतर्गत सामाजिक व्यवस्था के तहत सुधार निकालना पड़ेगा। जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण मेहनत के साथ कुपोषित बच्चों का सर्वे किया जाकर उनका चिन्हांकन किया गया। कुपोषण की जड़ को समाप्त करने के लिए सभी विभागों की जिम्मेदारी तय की जाना चाहिए। साथ ही समाजसेवियों की टोलियां बनाकर ऐसे स्थानों पर पहुंचाएं जहां पर कुपोषण बच्चों की संख्या अधिक है। वहां पर जाकर स्वास्थ्य,स्वच्छता सहित अन्य जानकारी प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एकल सेवा पोर्टल सूचना का केन्द्र के साथ सेवा और समाधान केन्द्र होगा। पोर्टल के माध्मय से नागरिक संबंधित सरकारी विभागों को व्यक्तिगत अथवा सामूहिक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज आवेदनों की सतत मॉनीटरिंग जिला प्रशासन द्वारा की जायेगी। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने जिला प्रशासन के नवाचार रेवा शक्ति अभियान,ह्दय अभियान तथा एकल सेवा पोर्टल का रिमोट के माध्यम से शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कलेक्टर आदित्य सिंह द्वारा रेवा शक्ति अभियान, ह्दय अभियान तथा एकल सेवा पोर्टल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। रेवा शक्ति अभियान के अंतर्गत बनाये गये रेवा मित्रों, बालिकाओं के कीर्ति कार्ड का वितरण किया गया। साथ ही हृदय अभियान अंतर्गत गर्भवती माताओं को पोषण किट का वितरण किया गया।