बिहार के अररिया में राजग जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्रीय नेताओं ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

अररिया{ गहरी खोज }:बिहार में अररिया स्थित जैन धर्मशाला में गुरुवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं में राजग के नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र दिया। राजग के केंद्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं ने कार्यकर्ताओं में 2025 राजग 225 पार के नारे लगवाए और कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने स्वदेशी अपनाने और भारत निर्मित समानों के इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत का नारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नारा है।आज इस नारे के साथ देश अर्थव्यवस्था के मामले में बड़े बदलाव की ओर अग्रसर है।दुनिया में सबसे तेजी में भारत में विकास कार्यों के साथ बदलाव हुए हैं।हमारा विकास के मामले में ग्रोथ रेट दुनिया के अन्य मुल्कों से काफी आगे है।
राज्यसभा सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।ऐसा कोई भी इलाका नहीं है,जहां विकास की रोशनी नहीं पहुंची हो। आगामी 15 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब पूर्णिया से नए एयरपोर्ट के साथ कई सौगात सीमांचल को देंगे तो इस इलाके की तस्वीर आने वाले समय में और अधिक बदल जाएगी।पूर्णिया से पहली इंडिगो विमान को रवाना किया जाएगा तो न केवल सीमांचल बल्कि अंग प्रदेश के लिए तस्वीर और तकदीर बदलने का काम एयरपोर्ट करेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बिहार सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास का पालन करते हुए विकास कार्य को अंजाम दे रही है।उन्होंने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अररिया में मेडिकल कॉलेज सहित फारबिसगंज सुभाष चौक पर आरओबी निर्माण कार्य सहित जो भी विकास कार्यों की घोषणा किए,उन सबों का काम शुरू हो गया है।जो सरकार और एनडीए की विकास के मंशा को दर्शाता है।
स्थानीय सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज पर उड़ान भर सकेगा।जिसे वह साकार करने के लिए 15 सितम्बर को आ रहे हैं।उन्होंने एनडीए की ओर से जिला में हुए विकास कार्यों का लेखा जोखा प्रस्तुत किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में देश और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में बिहार लगातार उन्नति कर रहा है।
वहीं बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह ने महिला सशक्तिकरण को लेकर बिहार में किए जा रहे विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी।जबकि मंत्री विजय कुमार मंडल ने बिहार से झारखंड के अलग होने के बाद शराबबंदी के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार ने विकास कार्यों की जो लकीर खींची है।वह अन्य राज्यों को मुख्यमंत्री के लिए भी नजीर है।
राजग जिला कार्यकर्ता सम्मेलन को एनडीए संयोजक,भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, विधायक अचमित ऋषिदेव,विद्यासागर केशरी उर्फ मंचन केशरी, जयप्रकाश यादव, पूर्व मंत्री मंजर आलम,शगुफ्ता अजीम, विनोद राय,जदयू जिलाध्यक्ष आशीष पटेल, रालोसपा जिलाध्यक्ष विभाष मेहता,हम जिलाध्यक्ष विष्णु ऋषिदेव,लोजपा रामविलास जिलाध्यक्ष अरुण सिंह, एन एम खान, संजीव श्रीवास्तव, दीपक कुमार, शाद अहमद बबलू, नूरुद्दीन खान, रमेश सिंह, पवन मिश्रा, सुनील चंद्रवंशी, सीताराम मंडल, शाद आलम,राजू मंडल,आकाश राज, शाहबाज,शमीम आलम, रणविजय कुशवाहा आदि ने भी संबोधित किया।