गर्भावस्था में मार दी गई बेटियों को मोक्ष के लिए किया जाएगा तर्पण : मनोज सेंगर

कानपुर{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में जन्म से पूर्व गर्भ में ही मार दी जाने वाली बेटियाें के तर्पण के लिए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी युग दधीचि अंग देहदान संस्था आगे आई है। संस्था के संस्थापक मनोज सेंगर ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि अजन्मी बच्चियों को मोक्ष प्रदान करने के उद्देश्य से महा तर्पण का आयोजन 14 सितंबर दिन रविवार को गंगा किनारे सरसैय्या घाट में किया जाएगा। यह तर्पण इसलिए भी खास होगा, क्योंकि महिलाएं अपने हाथों से जल देकर इस पवित्र कार्य को करेंगी।
कार्यक्रम को लेकर विस्तारपूर्वक जानकारी देते सेंगर ने बताया कि हिन्दू समाज में किसी की मृत्यू होने पर वैदिक शान्तिपाठ आदि के माध्यम से मृत व्यक्ति की मोक्ष की कामना की जाती है लेकिन गर्भ में मार दी गईं बेटियों के लिये किसी प्रकार का पूजन आदि कहीं नहीं किया जाता। इसीलिए उन अजन्मी बेटियों को मोक्ष प्रदान करने की कामना से 14 सालों से इस धार्मिक कार्य काे किया जा रहा है। इसी क्रम में इस साल पितृ पक्ष में 14 सितंबर काे महा तर्पण को किया जाएगा। इस दाैरान महिलाएं अपने हाथों से जल देकर अपने वैदिक काल में मिले कर्मकाण्ड के अधिकार का प्रयोग करते हुए महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाएंगी।
संस्थापक मनोज सेंगर, डॉ. उमेश पालीवाल एवं पं. शेष नारायण द्विवेदी पप्पू भैया ने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व महापौर कैप्टन जगतवीर सिंह द्रोण एवं सांसद देवेन्द्र सिहं भोले करेंगे। मुख्य पूजन लेफ्टिनेंट कर्नल डा. प्रभा अवस्थी, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पौत्री नंदिता मिश्रा, शिक्षाविद डॉ. अलका दीक्षित, राज्य महिला आयोग सदस्य अनीता गुप्ता एवं रोटरी क्लब अध्यक्ष डॉ. नीलम त्रिवेदी करेंगी।
महाआरती गोल्डी समूह के निदेशक सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, विहिप के प्रान्तीय अध्यक्ष राजीव महाना एवं उद्यमी मनोज अग्रवाल द्वारा की जायेगी। मंगलामुखी समाज की मन्नत मां काे भी अपनी सहयोगियों सहित आमन्त्रित किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के परिवार से भावना महाना, रमा महाना एवं साधना महाना तर्पण में भाग लेंगी, इस प्रकार चालीस से पचास विदुषी महिलायें इस अनूठे कार्यक्रम में शामिल रहेंगी। वार्ता में मनोज सेंगर, डॉ. उमेश पालीवाल, पं. शेषनारायण त्रिवेदी एवं रवि तिवारी उपस्थित रहे।