मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मशहूर सिंगर मीका सिंह ने की मुलाकात

भोपाल{ गहरी खोज }: बॉलीवुड के मशहूर गायक मीका सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में सौजन्य मुलाकात करने आए बॉलीवुड सिंगर का मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव ने शॉल उड़ाकर स्वागत किया। दोनों ने काफी देर तक बातचीत की। इस दौरान सिंगर मीका सिंह ने सीएम मोहन यादव की सरकार द्वारा नशे के खिलाफ उठाए गए कदमों की जमकर प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस मुलाकात के संबंध में अपने एक्स हेंडल पर ट्वीट किया। उन्हाेंने मीका सिंह के साथ कुछ तस्वीरें साझा कीं। मुख्यमंत्री तस्वीरें साझा करते हुए एक कैप्शन में लिखा ‘आज भोपाल निवास पर प्रसिद्ध गायक श्री मीका सिंह से भेंट की।’ बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में मीका सिंह ने विशेष रूप से युवाओं को नशे और नशीली दवाओं की लत से बचाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की।
उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और सामाजिक सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा की। मीका सिंह ने हाल ही में अपने एनजीओ, डिवाइन फाउंडेशन, के माध्यम से पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भी सक्रिय योगदान दिया है। उन्होंने अब तक एक लाख से अधिक बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री प्रदान की है और उनका लक्ष्य 10 लाख से अधिक लोगों तक मदद पहुंचाना है। इस मुलाकात में भी उन्होंने सामाजिक कार्यों और जनकल्याण के मुद्दों पर मुख्यमंत्री के साथ विचार-विमर्श किया।