शांताराम सर्राफ का संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहा : विष्णुदेव साय

0
fd3a184fdb7d2765ed7b8fa8adf2a4c8

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रांत प्रचारक शांताराम को विस अध्यक्ष सहित विभिन्न गणमान्यों ने दी श्रद्धांजलि

रायपुर{ गहरी खोज }: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रांत प्रचारक और वरिष्ठ स्वयंसेवक शांताराम सर्राफ को जागृति मंडल में उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शांताराम सर्राफ जी का संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन तथा प्रेरणा का अद्वितीय उदाहरण रहा है। सामाजिक कार्यों में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों व शुभचिंतकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
पूर्व मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शांताराम जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे हमारे लिए पिता तुल्य थे। उन्होंने मदकूदीप को पुनर्जीवित कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे अपनी विनम्रता तथा जीवन मूल्यों से सभी के आदर्श बने। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक के रूप में उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता और स्वयंसेवकों को परिवार मानकर निरंतर मार्गदर्शन किया। मुख्यमंत्री रहते हुए भी मुझे उनका स्नेह और आशीर्वाद मिलता रहा। उनके निधन से पूरा प्रदेश शोकाकुल है। सर्राफ जी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को प्रदेश में सशक्त एवं मजबूत बनाने में अमूल्य योगदान दिया है, उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हम सभी उनके कार्य को आगे बढ़ायें।
भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक शांताराम सराफ जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनका जीवन राष्ट्र और समाज सेवा को समर्पित रहा। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने उन्हें “हिन्दुत्व की अलख जगाने वाले प्रेरणा के आकाशदीप” की संज्ञा दी।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि उनका संत स्वभाव और सादगी हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा थी।प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, अखिलेश सोनी समेत भाजपा और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज ने बताया कि शुक्रवार को ही वे अस्पताल में सर्राफ जी से आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए अंतिम प्रणाम रहा, कुछ घंटे बाद ही उनका निधन हो गया।” छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलीम राज ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के प्रति सर्राफ जी की निष्ठा और सेवा कार्यों की छाप सदैव प्रेरणादायी रहेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे, विधायक अनुज शर्मा एवं मोतीलाल साहू, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, कृषि कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं आमजन उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक शांताराम का 93 वर्ष की आयु में शुक्रवार 5 सितंबर की शाम निधन हो गया । वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। सायं 05.45 बजे उन्होंने जीवन की अंतिम सांस ली। शांताराम बैंक की नौकरी छोड़कर प्रचारक बने थे। मध्यप्रदेश के सागर में जिला प्रचारक, रायपुर में विभाग प्रचारक, छत्तीसगढ़ प्रान्त के प्रथम प्रान्त प्रचारक, मध्यक्षेत्र के प्रचार प्रमुख एवं सम्पर्क प्रमुख जैसे संघ दायित्व का उन्होंने कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। वे मृदुभाषी, घोष में शंख वादक व अच्छे गीत गायक थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *