पुराने गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार के भूमि पूजन के साथ ही निर्माण का रास्ता खुला

0
a1fade7e6c0acbfa114c970a31a1ad83
  • मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने किया भूमि पूजन
  • एक अक्टूबर से मेट्रो के निर्माण का काम होगा शुरू

गुरुग्राम{ गहरी खोज }: आखिरकार पुराने गुरुग्राम में मेट्रो निर्माण को लेकर हो रहा इंतजार खत्म हो गया। शुक्रवार को यहां सेक्टर-44 में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मेट्रो निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल का गुरुग्राम पहुंचने पर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम को नई मेट्रो परियोजना की सौगात देने के लिए वे केंद्र सरकार के आभारी हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज गुरुग्राम के लिए बड़ा ऐतिहासिक दिन है। हम सब मिलकर उस सपने की शुरुआत कर रहे हैं, जिसका वर्षों से इंतजार था। इस मेट्रो सेवा के लाभ हर नागरिक की जिंदगी में महसूस होंगे। सडक़ पर जाम कम होगा, यात्रा का समय बचेगा, और प्रदूषण घटेगा व रोजगार के नए अवसर बनेंगे। उन्होंने बताया कि मेट्रो स्टेशन को सोच-समझकर वहां रखा गया है जहां सबसे ज्यादा जरूरत है। इनमें सुभाष चौक, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार, पालम विहार, रेलवे स्टेशन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अगले चार साल में यह परियोजना पूरी हो जाएगी और यह कॉरिडोर गुरुग्राम में नई पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि रेजांगला चौक से द्वारका सेक्टर-21 तक, सेक्टर-56 से पचगांव तक और साथ ही नमो मेट्रो कॉरिडोर दिल्ली से करनाल, दिल्ली से नीमराना और गुरुग्राम से फरीदाबाद के रास्ते नोएडा तक मेट्रो सेवा हमारी योजना में शामिल हैं। इन परियोजनाओं से गुरुग्राम दिल्ली और पूरे एन.सी.आर. से और गहराई से जुड़ेगा। यह मेट्रो सिर्फ एक परिवहन का साधन नहीं है बल्कि यह प्रगति का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुग्राम भारत की आर्थिक शक्ति का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यह प्रमुख कंपनियों-आई.टी., बी.पी.ओ., स्टार्टअप्स और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री का घर है। उन्होंने कहा कि आज गुरुग्राम 250 से अधिक फॉच्र्यून 500 कंपनियों का घर बन चुका है। यही नहीं, हरियाणा में स्थित 19 यूनिकॉर्न में से अधिकतर गुरुग्राम में स्थापित हैं। यहां देश और दुनिया भर से लाखों लोग रोजगार, व्यापार और अवसरों की तलाश में आते हैं। मुझे गर्व है कि जिस शहर की पहचान कभी छोटे से गांव के रूप में थी, वह आज मिलेनियम सिटी के नाम से पूरी दुनिया में जाना जाता है। उन्होंने गौरवान्वित होते हुए कहा कि भारत में प्रति व्यक्ति आय में चंडीगढ़ और मुंबई के बाद गुरुग्राम नगर का तीसरा स्थान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम आगे बढ़ रहे हैं। जो कहा है, वो करेंगे। हमारी नीति, नीयत और नेतृत्व स्पष्ट हैं। मोदी के नेतृत्व में देश ने एक निर्णायक और पारदर्शी सरकार का अनुभव किया है। कार्य संस्कृति में अभूतपूर्व बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि पूरे हरियाणा का संतुलित विकास हो। वे विश्वास दिलाते हैं कि हरियाणा सरकार गुरुग्राम के विकास में भी कोई कसर नहीं छोड़ेगी। गुरुग्राम को देश का सबसे विकसित नगर बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *