दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे का हिस्सा धंसा, रिक्शा चालक घायल, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली में यमुना के उफान का असर सड़कों और हाइवे पर भी नजर आने लगा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 अलीपुर के पास सुबह फ्लाईओवर का हिस्सा धंस गया। वहां फिलहाल कोई हतागत नहीं हुई है, लेकिन बड़ा हादसा होने से चल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वहां वाहन का आवागमन रोक दिया है। जानकारी के मुताबिक एक रिक्शा चालक वहां घायल हुआ है। घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवा दिया है जहां उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने यातायात को डायवर्ट कर दिया है।
फ्लाईओवर से आवाजाही को बिल्कुल बंद कर दिया गया है। बता दें कि फ्लाईओवर जमीन से 25 से 30 फीट की ऊंचाई पर है। पुलिस का कहना है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHI) को सूचित कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है कि बाढ़ का संकट काल चल रहा है आवश्यक जरूरत के आधार पर ही घर से वाहर निकले। लापरवाही जिंदगी पर हावी पड़ सकती है।
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, यमुना के निचले इलाकों में जाने से बचे औरबिना जरूरत के घर से कदम न रखे। बारिश में सुरक्षित स्थान पर रुके। फ्लाईओवर पर स्टे न करें। बता दें कि दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जलस्तर 207.48 मीटर था जो कि अब धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर में दिल्ली में बारिश की मात्रा मौसम प्रणालियों जैसे मानसून ट्रफ और चक्रवाती परिसंचरण पर निर्भर करती है। 2025 में सामान्य से अधिक बारिश की भविष्यवाणी के कारण दिल्ली में औसत से ज्यादा वर्षा लगभग 140-150 मिलीमीटर या अधिक होने की संभावना है।
दूसरी ओर, बुधवार सुबह तेज धूप निकली लेकिन दोपहर होते-होते मौसम ने करवट ली और बादलों ने आसमान को ढक लिया। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर में बाढ़ की चेतावनी के बीच दिल्ली में झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे कई सड़कों पर जलभराव हो गया है जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में वाहन चालकों को जाम ने परेशान किया।