भाखड़ा और पौंग डैम से छोड़े गए पानी से पंजाब में और बढ़ी मुसीबतें, हरियाणा-UP तक अलर्ट जारी

0
p8-3

नई दिल्‍ली { गहरी खोज }: सतलुज, रावी और ब्यास नदियों में आई बाढ़ से जूझ रहे पंजाबकी चिंता बुधवार को और बढ़ गई। इसकी वजह है कि बड़े पैमाने पर भाखड़ा नांगल डैम और पौंग डैम से पानी छोड़ा गया है। भाखड़ा नांगल बांध से 75 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जो आमतौर पर 65 हजार रहा करता है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते बांधों में बड़े पैमाने पर पानी जमा है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि इस पानी के छोड़े जाने से आसपास के कई गांव प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा पौंग डैम से भी बड़े पैमाने पर पानी छोड़ा गया है। सतलुज नदी का जलस्तर लगातार बढ़ ही रहा है और अब तक राहत के कोई संकेत नहीं मिले हैं।
पंजाब के रूप नगर जिले के प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अलर्ट रहने को कहा है। इसके अलावा भाखड़ा नांगल से निकले पानी ने भी समस्या को बढ़ाया है। घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ने से पटिलाया का जिला प्रशासन भी ऐक्टिव है। दरअसल पंजाब, हरियाणा, दिल्ली से लेकर पश्चिम यूपी तक मुसीबत यह है कि बारिश का दौर लगातार जारी है। इसके चलते बाढ़ से प्रभावित लोगों के बचाव या फिर जल निकासी का काम भी देरी से हो रहा है। घग्गर नदी के तट पर ही बसे मोहाली के भी कई इलाकों में प्रशासन सतर्क है। सतलुज, रावी और ब्यास नदी में आई बाढ़ इतनी भीषण है कि भारतीय हिस्से के पंजाब के साथ ही पाकिस्तान में भी भारी बाढ़ आई है।
पाकिस्तानी पंजाब में तो लाखों लोगों का पलायन हुआ है और करीब ढाई हजार गांव डूब गए हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार भारत के पंजाब में सूबे में 30 लोग बाढ़ के चलते मारे गए हैं, जबकि 3.50 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और उन्हें पलायन तक करना पड़ा है। इस बीच मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम यूपी तक के लिए अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ, मीरपुर, राजौरी, रियासी, जम्मू, रामबन, उधमपुर, सांबा, कठुआ, डोडा के लिए अलर्ट जारी किया है।
वहीं पंजाब के सीएम भगवंत मान ने आपदा के वक्त सहयोग न करने का आरोप केंद्र सरकार पर लगाया है। मान ने केंद्र पर बाढ़ प्रभावितों को राहत देने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री औऱ केंद्रीय गृहमंत्री से एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सरकार द्वारा दिए जाने वाले मुआवज़े के मौजूदा मानकों को बदलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इसकी जरूरत है ताकि पंजाब में बाढ़ से प्रभावित लोगों को ज्यादा मुआवजा दिया जा सके। मंगलवार को फिरोज़पुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का नाव से दौरा करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि किसानों की बढ़ी हुई लागत और बाढ़ से हुए नुकसान को देखते हुए मुआवज़े की राशि बढ़ाना अब जरूरी हो गया है।
इस बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब का गुरुवार को दौरा करने वाले हैं। वह बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाएंगे और प्रभावितों से बात भी करेंगे। केजरीवाल के साथ सीएम भगवंत मान भी रहेंगे। आम आदमी पार्टी की ओर से बताया गया कि अरविंद केजरीवाल प्रभावितों से मुलाकात करेंगे और उनसे बात करेंगे। इससे पहले केजरीवाल ने ऐलान किया कि आप की दिल्ली यूनिट के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज राहत सामग्री लेकर पहुंचेंगे। केजरीवाल ने कहा कि इस मुश्किल वक्त में पूरा देश पंजाब के साथ खड़ा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *