PM की मां को गाली देने पर भड़कीं बांसुरी स्वराज, बिहार को गाली नहीं, विकास चाहिए

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए अपशब्द कहने का मामला कांग्रेस के लिए गले की फांस बनता जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को खुद इस मुद्दे को उठाया और बिहार समेत देश की जनता से पूछा कि क्या कांग्रेस इतनी निचले स्तर की राजनीति पर है।
इसी प्रकरण पर भाजपा की नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने साफ कहा कि सीता मैया की पावन धरती बिहार में जनता इस अपमान का उचित जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। उन्होंने कहा कि बिहार को गाली नहीं बल्कि विकास चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार की प्रगति के लिए एनडीए सरकार चाहिए।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला आधारित विकास के मूल मंत्र को आत्मसात कर भारत तेज़ी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां, बहनें और माताएं आज हर क्षेत्र में सशक्त भूमिका निभा रही हैं।
भाजपा सांसद बांसुरी ने कहा कि जबकि दूसरी तरफ कांग्रेस और आरजेडी के संस्कारविहीन नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की माता के विरुद्ध अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि भारत की हर मां-बहन-बेटी का अपमान है। उन्होंने कहा कि जिस मां ने अपने पुत्र को संघर्षों से सींचकर राष्ट्र की सेवा के योग्य बनाया, उस मां के प्रति ऐसी अभद्रता अस्वीकार्य है।
पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की पुत्री बांसुरी स्वराज ने कहा कि सीता मैया की पावन धरती बिहार में पीएम मोदी और उनकी मां का इस अपमान का जनता उचित जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी और आगामी चुनाव में जनभावना के आशीर्वाद से यह स्पष्ट होगा कि भारत की संस्कृति में मां का सम्मान सर्वोपरि है और उसका अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।