सरकार का दायित्व प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान न्यायपूर्ण ढंग से हो : केशव

लखनऊ{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को यहां अपने सरकारी आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम में आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि प्रदेश की हर जनता की हर पीड़ा उनकी अपनी पीड़ा है। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है। एक सरकारी बयान के अनुसार मौर्य ने हर व्यक्ति की बात धैर्य के साथ सुनी और कहा कि ‘‘प्रदेश की जनता की हर पीड़ा मेरी अपनी पीड़ा है।’’ उन्होंने कहा कि “सरकार का दायित्व है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान समयबद्ध और न्यायपूर्ण ढंग से हो।”
जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए आमजन, किसान, व्यापारी, महिलाएं व बुजुर्गों ने अपनी शिकायतें व आवेदन प्रस्तुत किए। उप मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मौर्य ने कहा कि ”प्रदेश सरकार का लक्ष्य जनता की सेवा, जनता का सम्मान है। प्रत्येक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया दिया कि किसी भी स्तर पर जनता को अनावश्यक परेशान न किया जाए और शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से हो।