महिला समूह ने साहिबाबाद के ‘पन्नू चौक’ का नाम बदलकर ‘ऑपरेशन सिन्दूर तिरंगा चौक’ रखा

साहिबाबाद{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के साहिबाबाद में नारी शक्ति संगठन ने शनिवार को शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 स्थित ‘पन्नू चौक’ का नाम बदलकर ‘ऑपरेशन सिंदूर तिरंगा चौक’ रखा। संगठन ने इसे महिला सशक्तिकरण एवं देशभक्ति का प्रतीकात्मक कृत्य बताया है।
संगठन की अध्यक्ष रीमा वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत चौक पर सफाई अभियान से हुई जिसके बाद वहां तिरंगा फहराया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों, शालीमार गार्डन थाने के पुलिसकर्मियों, स्थानीय लोगों, महिलाओं एवं बच्चों ने इस समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुलिसकर्मियों का सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया।
संगठन ने कहा कि नाम बदलने की प्रेरणा उन्हें ऑपरेशन सिंदूर से मिली जो पाकिस्तान के खिलाफ हाल ही में भारत द्वारा किया गया एक सैन्य अभियान था जिसमें महिला अधिकारियों सोफिया कुरैशी एवं व्योमिका सिंह के नेतृत्व में शौर्य का प्रदर्शन किया गया। सुश्री वर्मा ने कहा कि यह नारी शक्ति, स्वच्छ भारत मिशन एवं राष्ट्रवाद की भावना को श्रद्धांजलि है।
संगठन ने हालांकि आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्वों ने चौक पर तोड़फोड़ की और सजावट, देशभक्ति के प्रतीकों एवं नव स्थापित साइनबोर्ड को नष्ट कर दिया।
संगठन ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा, “यह केवल एक चौक का नाम बदलने के बारे में नहीं है बल्कि यह महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रवाद एवं स्वच्छ भारत के सम्मान की रक्षा के बारे में है।”
संगठन ने कहा कि साहिबाबाद में शुरू हुआ अभियान अब न्याय की मांग करने वाली “महिलाओं और देशभक्तों की राष्ट्रव्यापी आवाज” बन गया है।