शुभांशु शुक्ला के अनुभवों से युवा पीढ़ी को मिलेगी भविष्य की राह: योगी

- मुख्यमंत्री योगी ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के नाम पर स्कॉलरशिप शुरू करने का किया एलान
लखनऊ{ गहरी खोज }: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरिक्ष यात्री एवं वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आगमन पर सोमवार को नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। लोकभवन में आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री योगी ने उनकी उपलब्धियों की सराहना की और उनके माता-पिता व परिजनों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चार दशकों बाद किसी भारतीय को अंतरिक्ष यात्रा का अवसर मिला है। यह सौभाग्य की बात है कि यह अवसर लखनऊ के शुभांशु शुक्ला को मिला। अंतरिक्ष की सफलता के बाद उनका यहां पहली बार आना बड़े गौरव की बात है। सुबह से बारिश के मौसम के बाद भी यहां के लोगों और प्रदेश वासियों ने उनका बढ़ चढ़कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह कार्यक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि शुभांशु के पिता सचिवालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी रहे हैं। उनके ही संस्कारों के चलते ही शुभांशु ने इस उपलब्धि और यात्रा को पूरा किया। जब शुभांशु ने अतंरिक्ष यात्रा अपने साथियों के साथ शुरू की, उस समय को लेकर उनमें उत्सुकता थी। नासा और इसरो के साथ यात्रा की उड़ान से लेकर और एक्सपेरिमेंट को कोई दिक्कत ना हो, इसके लिए पूरी रूपरेखा तैयार की गई। अंतरिक्ष की सफल यात्रा को पूरा कर आज जब शुभांशु हम सबके बीच आए हैं। उनके अनुभव उनसे साझा करने की जरूरत थी। योगी ने कहा कि अंतरिक्ष यात्रा के दौरान 18 दिनों में शुभांशु ने 300 से भी अधिक बार पूरी पृथ्वी की परिक्रमा की है। ऐसे बहुत सारे लोग लखनऊ में रहते हैं जो कि अपने पूरे जीवन में पूरा लखनऊ भी नहीं घूम पाते हैं। शुभांशु ने पूरी पृथ्वी की परिक्रमा की। यह अकल्पनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज क्लाइमेंट चेंज के चलते हर जगह चिंता है। जलवायु परिवर्तन से पूरी दुनिया जूझ रही है। कहीं वर्षभर बारिश हो रही है तो कहीं कम हो रही है। उसका असर फसलचक्र पर पड़ रहा है। टेक्नालॉजी और साइंस के माध्यम से हम बेहतर प्रबंधन कर सकते हैं। साइंस की दुनिया ने एक अवसर के रूप में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला हम सबके सामने हैं। युवाओं के लिए साइंस, मैथमेटिक्स कैसे नये—नये रिसर्च कर नई उपलब्धि और सफलता पा सकते हैं यह लखनऊ के शुभांशु से अच्छा और कोई उदाहरण नहीं है। यह युवाओं के लिए आगे बढ़ने का अवसर भी है। उन्हाेंने कहा कि टेक्नालॉजी वहां तक जा चुकी है जो कभी सपना हुआ करती थी। लखनऊवासी शुभांशु की सफल अंतरिक्ष यात्रा की उपलब्धि से देश का सम्मान बढ़ा है और भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र में दुनिया में नाम हुआ है। इस माैके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि स्पेस टेक्नालॉजी अध्ययन के लिए शुभांशु शुक्ला के नाम से सरकार एक स्कॉलरशिप शुरू करेगी। शुभांशु के अनुभवों के साथ आने वाली पीढ़ी बहुत कुछ सीखेगी, ऐसा मेरी कामना है।
इससे पहले ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के सम्मान समारोह में इसरो प्रमुख वी नारायणन ने अपने संबोधन में कहा कि पूरे देश को शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से सुरक्षित वापसी पर गर्व है। उन्होंने रिसर्च के लिए युवाओं को आगे आने की अपील की। अपने सम्मान समारोह में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा कि भारत जल्द ही एक नया अंतरिक्ष मिशन शुरू करेगा, जिससे यह क्षमता रखने वाला यह देश दुनिया का चौथा देश बन जाएगा। समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई मंत्री और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।