देश का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस को होती है तकलीफः शिवराज

0
a99e8de8ed873f534b21189ffbc91205

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। शिवराज सिंह ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब भी देश का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस के पेट में तकलीफ होती है। उन्होंने कहा कि कुछ चीज़ों को राजनीतिक मतभेदों के ऊपर उठकर देखना चाहिए।
शिवराज सिंह ने सोमवार को जारी एक वीडियो में कहा कि जब-जब देश में गौरव के पल आए, देश गर्व से भर गया, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा ही आंसू बहाए। हमारा चंद्रयान दक्षिणी ध्रुव पर उतर गया, देश उल्लास से भरा था, लेकिन कांग्रेस सवाल उठा रही थी। हमारी सेना ने शौर्य, पराक्रम का प्रदर्शन किया, सर्जिकल स्ट्राइक की, तब भी कांग्रेस, सवाल ही उठा रही थी। एयर स्ट्राइक हो या ऑपरेशन सिंदूर, जब हमारी सेना दुश्मन को मिट्टी में मिलाती है, सारा देश खड़ा हो जाता है, लेकिन कांग्रेस उस पर सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि कोविड की वैक्सीन भारत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बनाई। हमने 100 से ज्यादा देशों को वैक्सीन दी, जिससे लोगों की जान बची, लेकिन कांग्रेस कहती है ये तो मोदी वैक्सीन है मत लगवाना।
शिवराज ने कहा कि शुभांशु शुक्ला देश के लिए कितना बड़ा गर्व हैं, राष्ट्र का गौरव हैं। आज जब सारा राष्ट्र पलक-पावड़े बिछाकर उनका स्वागत कर रहा है। जब संसद में उनकी उपलब्धियों के लिए चर्चा हो रही है, कांग्रेस ने बेल में जाकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने कहा कि क्या पक्ष और विपक्ष को एक स्वर में शुभांशु शुक्ला का अभिनंदन नहीं करना चाहिए था..? देश प्रगति और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, दुनिया आश्चर्य से देख रही है, कांग्रेस को इस चर्चा में भागीदार नहीं बनना था क्या..? शिवराज ने कांग्रेस से पूछा कि क्या संसद में हंगामा करना, देश को गौरव से भरने वाले के सम्मान पर सवाल नहीं है ? क्या यही कांग्रेस की देशभक्ति है..? सारा देश देख रहा है, कांग्रेस को जवाब तो देना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *