भारत की नम्रता बत्रा ने वुशु में रजत पदक जीतकर रचा इतिहास

नयी दिल्ली { गहरी खोज } : भारत की नम्रता बत्रा ने कल चीन के चेंगदू में 2025 के विश्व खेलों में महिलाओं की 52 किलोग्राम वुशु स्पर्धा के फाइनल में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। यह विश्व खेलों में वुशु में भारत का पहला पदक है। वहीं पुरुषों की कंपाउंड तीरंदाजी स्पर्धा में ऋषभ यादव के कांस्य पदक के बाद यह देश का दूसरा पदक था। 24 वर्षीय नम्रता बत्रा ने पिछले वर्ष एशियाई वुशु चैंपियनशिप में भी रजत पदक जीता था। वे इस खेल में चार बार की राष्ट्रीय विजेता हैं। लेकिन विश्व खेलों के फाइनल में उन्हें चीन की मेंगुए चेन से 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। नम्रता का विजय अभियान क्वार्टर फाइनल में लेबनान की बारबरा एल रस्सी पर 2-0 से जीत के साथ शुरू हुआ, इसके बाद सेमीफाइनल में उन्होंने फिलीपींस की क्रिज़न फेथ कोलाडो पर 2-0 से एक और जीत दर्ज की थी। भारत ने विश्व खेलों में अब तक कुल सात पदक जीते हैं, जिनमें एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं।