भारत की आत्मा और हमारे संविधान की गरिमा का प्रतीक है हर घर तिरंगा यात्रा अभियान : शिवराम सिंह

कानपुर{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में भाजपा दक्षिण हरजिंदर नगर मंडल में राष्ट्रप्रेम और एकता के संदेश के साथ में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। पांच किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कैंप कार्यालय से शुरू होकर रामादेवी, हरजिंदर नगर, लाल बंगला पुलिस चौकी चौराहा, जेके कॉलोनी चौराहा से रामअवतार महाना सामुदायिक केंद्र तक विशाल जनसमूह के साथ निकाली गई। यह जानकारी भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने दी।
दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने बताया कि यह तिरंगा यात्रा भारत की आत्मा और हमारे संविधान की गरिमा का प्रतीक है। यह हमारी एकजुटता, संस्कृति ,देश प्रेम और शौर्य को दर्शाती है। हम सबने मिलकर यह संकल्प लिया है कि देशहित में एकजुट रहेंगे और राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। यह यात्रा न केवल एक आयोजन है, बल्कि यह हर भारतीय के हृदय में देशप्रेम की लौ को और प्रज्वलित करने वाला एक ऐतिहासिक क्षण है।
उन्होंने कहा कि यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। सैकड़ों देशभक्तों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारों के साथ पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया। रास्ते में तीन दर्जन से अधिक जगहों पर पुष्पवर्षा कर स्थानीय नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा की भव्यता का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों से गूंजते इस आयोजन में छोटे-बड़े सभी वर्गों, महिलाओं, युवाओं व वरिष्ठ नागरिकों ने पूरे उत्साह से भागीदारी की। इस दाैरान प्रमुख रूप से जसविंदर सिंह, केपी सिंह चौहान, विनय मिश्रा, विवेक शुक्ला, कैलाश पांडेय, सुरेंद्र अवस्थी, अशोक मेंबर, शिव प्रताप, मोहिनी शुक्ला आदि मौजूद रहे।