झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन अभी जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं: झामुमो नेता

रांची{ गहरी खोज }: झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें अभी भी जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। उनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक झामुमो नेता ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज शाम चिकित्सकों की एक टीम द्वारा मंत्री का ‘एपनिया’ परीक्षण किए जाने की संभावना है। ‘एपनिया’ परीक्षण मस्तिष्क मृत्यु (बीडी) का निर्धारण करने के लिए एक अनिवार्य परीक्षण है क्योंकि यह मस्तिष्क तंत्र की कार्यप्रणाली में निर्णायक क्षय का आवश्यक संकेत प्रदान करता है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल सारंगी दिल्ली में मंत्री के साथ हैं। उन्होंने कहा कि सोरेन की हालत में कोई बदलाव नहीं आया है। सारंगी ने कहा, ‘‘उनकी हालत अब भी गंभीर है और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। चिकित्सकों की एक टीम द्वारा उनका ‘एपनिया’ परीक्षण किए जाने की संभावना है।’’ झामुमो नेता सोरेन (62) दो अगस्त को अपने आवास में स्नानघर में गिर गए थे। इसके बाद उन्हें जमशेदपुर से विमान से राष्ट्रीय राजधानी के अस्पताल में ले जाया गया था। झामुमो प्रवक्ता ने बताया कि वरिष्ठ विशेषज्ञों की एक टीम उनकी स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रही है और उन्हें गहन चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है।