हॉकी पंजाब ने जीता सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 का खिताब

0
2affdf16f5325a8021111e7d5e916b54

उत्तर प्रदेश ने 5-3 से मुकाबला जीतकर कांस्य पदक हासिल किया
चेन्नई{ गहरी खोज }: हॉकी पंजाब ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 (डिवीजन-ए) का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में हॉकी पंजाब ने हॉकी झारखंड को 4-3 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की।
फाइनल दिन का पहला मुकाबला कांस्य पदक के लिए उत्तर प्रदेश हॉकी और हॉकी मध्य प्रदेश के बीच खेला गया। पहले दो क्वार्टर में मध्य प्रदेश ने शानदार शुरुआत करते हुए 2-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, अंतिम दो क्वार्टर में उत्तर प्रदेश ने जोरदार वापसी की। अली शाहरुख ने 42वें, 47वें और 51वें मिनट में लगातार तीन गोल दागते हुए हैट्रिक पूरी की। उनके अलावा मोहम्मद आतिफ रेनी (40′) और प्रह्लाद राजभर (55′) ने एक-एक गोल किया। वहीं, मध्य प्रदेश की ओर से आशिर आदिल खान (13′), करण गौतम (20′) और मीज़ान उर रहमान (58′) ने गोल किए। उत्तर प्रदेश ने मुकाबला 5-3 से जीतकर कांस्य पदक हासिल किया।
दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला फाइनल रहा, जिसमें हॉकी पंजाब और हॉकी झारखंड आमने-सामने थे। झारखंड ने दूसरे क्वार्टर में आक्रामक शुरुआत की और आशीष टानी पूर्ति (21′) व अनीश डुंगडुंग (24′) ने लगातार दो गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। पंजाब ने तुरंत पलटवार किया और अक्षित सलारिया (29′) तथा वरिंदर सिंह (30′) ने बराबरी के गोल दाग दिए। झारखंड की ओर से सुखु गुरिया (42′) ने एक बार फिर टीम को बढ़त दिलाने की कोशिश की, लेकिन पंजाब के मंदीप सिंह ने 45वें और 53वें मिनट में दो शानदार गोल कर अपनी टीम को 4-3 की निर्णायक बढ़त दिलाई। इसी के साथ हॉकी पंजाब 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 का चैंपियन बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *