रक्षा बंधन भाई-बहनों के लिए गौरव का पर्व : प्रकाश पाल

0
e97b8678d9dfe685d8823c0af8c33f3a

कानपुर{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में भाजपा उत्तर जिले में महिला मोर्चा की बहनों ने आगामी रक्षा बंधन पर्व पर मोतीझील स्थित कारगिल पार्क में पूर्व सैनिकों को रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर उनका सम्मान किया। यह जानकारी शुक्रवार को कानपुर-बुंदेलखंड के भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने दीं।
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि रक्षा बंधन हिंदू भाई-बहनों के लिए गौरव का पर्व है। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनसे अपनी रक्षा का संकल्प लेती हैं। उन्होंने बताया कि इस पर्व का उल्लेख पुराणों में भी मिलता है। जब राक्षसों से देवताओं के राजा इंद्र परास्त होने लगे, तब वे अपने गुरु बृहस्पति के पास पहुंचे। गुरु ने सलाह दी कि यदि कोई अभियंत्रित (सिद्ध) रक्षा सूत्र बांध दे तो युद्ध में विजय प्राप्त की जा सकती है। तब इंद्र की पत्नी ने उनके हाथ में अभियंत्रित रक्षा सूत्र बांधा और वे युद्ध में विजयी हुए। तभी से यह पर्व परंपरागत रूप से मनाया जाता है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने द्वापर युग का एक और प्रसंग सुनाते हुए रक्षा बंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब श्रीकृष्ण का अंगूठा सुदर्शन चक्र चलाते समय घायल हो गया, तब द्रौपदी ने अपने आंचल का टुकड़ा फाड़कर उनके घाव पर बांध दिया। इस उपकार का बदला श्रीकृष्ण ने द्रौपदी के चीरहरण के समय उनकी लाज बचाकर चुकाया। यह प्रसंग दर्शाता है कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास और कर्तव्य का प्रतीक है।
भाजपा उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि हमारे सैनिक सरहद पर रहकर अपने जीवन की परवाह किए बिना देश और हम सभी नागरिकों की रक्षा करते हैं।उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन सिर्फ बहनों की रक्षा का ही पर्व नहीं बल्कि देश की रक्षा , पर्यावरण की रक्षा और आज के वर्तमान में हम सबको देश की आर्थिक रक्षा की भी आवश्यकता है। इसलिए हम सब देशवासियों को अमेरिकन कंपनियों और उनके द्वारा बनाए गए सामानों का बहिष्कार कर देश की आर्थिक रक्षा करने की भी शपथ लेनी चाहिए और आज महिला मोर्चा की बहनों द्वारा पूर्व सैनिकों को राखी बांधना उनके प्रति कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, युवामोर्चा अध्यक्ष शिवांग मिश्रा, केडीए बोर्ड मेंबर प्रमोद अग्रहरि (बॉर्डर), जिला उपाध्यक्ष रंजीता पाठक,सीमा एमबीए,आशा पाल, प्रमोद विश्वकर्मा, अनुप्रिया दोषी,सुनीता गौड़,पूनम कंवर, सहित सभी ने मिलकर सैनिकों के सम्मान और देश की रक्षा के संकल्प को दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *