स्वदेशी अपनाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है : मुख्यमंत्री

सीएम योगी ने अलीगढ़ में ₹958 करोड़ की 186 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
अलीगढ़{ गहरी खोज }: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद(ओडीओपी) योजना आज देश के अंदर एक मॉडल बनी हुई है। योगी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आज स्वदेशी अपनाना हम सब लोगों की सबसे बड़ी आवश्यकता है। हमारा ही पैसा अगर हमारे ही कारीगर और हस्तशिल्पियों के पास जाएगा तो यह विकास और समृद्धि का आधार बनेगा। प्रति व्यक्ति आय को बढ़ाने में निर्णायक भूमिका का निर्वहन करेगी। सीएम योगी मंगलवार को अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में 958 करोड़ की 186 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अगर हमारा यह पैसा विदेशी हाथों में जाएगा तो आतंकवाद, धर्मांतरण, विस्फोट, भारत को अस्थिर करने के लिए भारत के खिलाफ ही इस्तेमाल किया जाएगा। योगी ने आने वाले सभी त्योहारों पर लोगों से अपने स्वजनों को स्वदेशी उत्पादों को गिफ्ट के रूप में देने की अपील की।
समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, सहायता राशि, टैबलेट, आवास की चाबियां और आयुष्मान कार्ड वितरित किए। स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और भगवान कृष्ण के रूप में सजे बच्चों को दुलारते हुए उन्हें चॉकलेट, माखन और खिलौने भेंट किए।
मुख्यमंत्री योगी ने अलीगढ़ को 957 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उपहार देते हुए कहा कि रक्षाबंधन के ठीक पहले अलीगढ़ को यह विकास का तोहफा समर्पित है। इन परियोजनाओं में पेयजल पुनर्गठन योजना, विधि विज्ञान प्रयोगशाला, अतरौली से रेलवे स्टेशन मार्ग का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण, अतरौली में डिग्री कॉलेज और 900 किलोलीटर क्षमता के जलाशय का लोकार्पण शामिल है। इसके अतिरिक्त, कई अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, जो अलीगढ़ को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। योगी ने कहा कि ये परियोजनाएं अलीगढ़ को एक नई पहचान देंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करेंगी।
जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने अलीगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने अलीगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उनके सपनों को साकार करते हुए हम ओडीओपी के माध्यम से ताला उद्योग को नई ऊंचाइयां दे रहे हैं। उन्होंने राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय जल्द ही अलीगढ़ को उच्च शिक्षा का नया केंद्र बनाएगा, जो स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों को जीवित रखने के साथ-साथ युवाओं को उज्ज्वल भविष्य प्रदान करेगा।