राष्ट्रपति से मिले विभिन्न राज्यों के प्रमुख जनजातीय प्रतिनिधि

0
b8651e61676e4d6da14ba4c01fee1227

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: विभिन्न राज्यों से आए प्रमुख जनजातीय प्रतिनिधियों के एक समूह ने ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के तहत सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से राष्ट्रपति भवन में भेंट की। वे जनजातीय कार्य मंत्रालय के ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के अंतर्गत राष्ट्रपति भवन आए थे।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि जनजातीय समुदाय के शिक्षित लोगों को अपने समुदाय के लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देनी चाहिए और उन्हें इनका लाभ दिलाने में मदद करनी चाहिए। उन्हें विकास यात्रा में पीछे छूट गए लोगों को भी साथ लेकर चलने का प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल, जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और जनजातीय कार्य मंत्रालय में राज्यमंत्री दुर्गादास उइके भी उपस्थित थे। राष्ट्रपति ने जनजातीय प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें समुदाय के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि जनजातीय कार्य मंत्रालय के ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ की शुरुआत 27 जून 2025 को की गई थी। यह अभियान विशेष रूप से शिक्षित, सक्रिय और समाजसेवा में रुचि रखने वाले जनजातीय युवाओं तथा समुदाय के प्रमुख लोगों को जोड़ता है। अभियान के अंतर्गत चयनित आदि कर्मयोगी को सरकारी योजनाओं, डिजिटल साक्षरता, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, आजीविका और अधिकारों से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर समुदाय को जागरूक करते हैं, लोगों को योजनाओं की जानकारी देते हैं और उनका लाभ उठाने में मार्गदर्शन करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *