सावन खत्म होने से पहले घर लें आएं इन 5 वस्तुओं में से कोई 1, भोलेनाथ धन-धान्य से भर देंगे झोली

0
46b71573c02fcaa0a315f74d9627ea41

धर्म { गहरी खोज } : सावन का पवित्र महीना 9 अगस्त को सावन पूर्णिमा के दिन समाप्त हो जाएगा। शिव भक्तों के लिए यह महीना बेहद खास होता है। इस दौरान शिव जी की आराधना के साथ ही आध्यात्मिक गतिविधियां जैसे- योग, ध्यान, तंत्र-मंत्र साधना भी भक्त करते हैं। साथ ही सावन के महीने में शिव जी से जुड़ी कुछ चीजों को घर लाना भी बेहद शुभ माना जाता है। अगर आप भी शिव जी की कृपा प्राप्त करना चाहते हैं तो सावन की समाप्ति से पहले क्या चीजें आपको घर लानी चाहिए, आइए जानते हैं।

सावन में भस्म लाएं घर
भगवान शिव को भस्म बेहद प्रिय है। भस्म को वैराग्य और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक माना जाता है। इसलिए किसी शिव मंदिर से अगर आप सावन के दौरान भस्म लाएं और इसे अपने घर में रख लें तो आपको भी सकारात्मक ऊर्जा की प्राप्ति जीवन में होती है। साथ ही भस्म को घर में रखने से भगवान शिव का आशीर्वाद भी आपको मिलता है।

नया जल पात्र लाएं घर
सावन के पवित्र महीने में आपको शिवलिंग पर जल अर्पित करने के लिए एक नया पात्र घर लाना चाहिए। आप पीतल, तांबे या फिर चांदी का पात्र भी घर ला सकते हैं। सावन में लाए गए इस पात्र से अगर आप शिवलिंग पर जल चढ़ाते हैं तो भोलेनाथ प्रसन्न होकर आपकी झोली धन-धान्य से भर देते हैं।

रुद्राक्ष घर लाने से मिलेगी मानसिक शांति
सावन के महीने में अगर आप रुद्राक्ष घर लाते हैं तो आध्यात्मिक बल आपको प्राप्त होता है। साथ ही सावन में रुद्राक्ष घर लाने से घर के लोगों के बीच सामंजस्य बनता है और मानसिक रूप से सबका विकास होता है। इसके साथ ही परिवार के लोगों को रोगों से मुक्ति भी घर में रुद्राक्ष रखने से मिलती है।

महामृत्युंजय यंत्र
सावन के महीने में महामृत्युंजय यंत्र को घर लाने से दुर्भाग्य का नाश होता है और वास्तु दोष से भी आपको मुक्ति मिलती है। इसके साथ ही इस यंत्र को घर में स्थापित करने से भोलेनाथ हमेशा आपकी सुरक्षा करते हैं।

सावन में घर लाएं डमरू
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार डमरू को ब्रह्मांडीय ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। सावन में भगवान शिव के इस यंत्र को घर लाने से नकारात्मकता का नाश हो जाता है। डमरू को घर में रखने से घर में धन-संपदा बनी रहती है और साथ ही वास्तु के कई दोषों का भी अंत होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *