निसार का प्रक्षेपण दुनिया के सबसे सटीक प्रक्षेपणों में से एक है: इसरो प्रमुख

तिरुवनंतपुरम{ गहरी खोज }:भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी. नारायणन ने कहा है कि निसार उपग्रह का सफल प्रक्षेपण दुनिया के सबसे सटीक प्रक्षेपणों में से एक था और नासा यह देखकर उत्साहित है कि भारत स्वदेशी रूप से विकसित जीएसएलवी मार्क यान का उपयोग करके इसे सफलतापूर्वक अंजाम दे सका। उन्होंने बृहस्पतिवार रात यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही। इसरो ने बुधवार को आंध्र प्रदेश में श्रीहरिकोटा से जीएसएलवी-एफ16 रॉकेट के जरिये निसार (नासा-इसरो सिंथेटिक अपर्चर रडार) को सफलतापूर्वक स्थापित किया था। नारायणन ने एक सवाल के जवाब में कहा, “वे यह जानकर बहुत उत्साहित हुए कि भारत ने स्वदेशी रूप से विकसित जीएसएलवी मार्क यान का उपयोग करके सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। वे बेहद उत्साहित और खुश थे।”
नारायणन के अनुसार, यह दुनिया के सबसे सटीक प्रक्षेपणों में से एक था, जिसमें रॉकेट का हर चरण में त्रुटिहीन रूप से संचालन हुआ और उपग्रह को केवल दो से तीन किलोमीटर के अंतर से सटीक तरीके से कक्षा में स्थापित कर दिया। इसरो प्रमुख ने कहा, “यह उनके लिए भी एक अकल्पनीय उपलब्धि है।” उन्होंने कहा, ‘‘ यह दुनिया में अब तक हुए सबसे सटीक प्रक्षेपणों में से एक है… आज पूरा देश इस बात पर गर्व कर सकता है कि भारत और अमेरिका द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित उपग्रह भारतीय प्रक्षेपण यान का उपयोग करके कक्षा में स्थापित किया गया है।”