मंत्री विजय शाह की बर्खास्तगी की मांग को लेकर कांग्रेस विधायकदल का जोरदार प्रदर्शन

विजय शाह मामले पर सरकार की चुप्पी साबित करती है कि देशभक्ति से ज्यादा उनके लिए मंत्री और वोट बैंक महत्वपूर्ण है: उमंग सिंघार
भाेपाल{ गहरी खोज }:मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार काे विपक्ष के विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकदल ने जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह की बर्खास्तगी की मांग को लेकर सदन में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
शुक्रवार काे विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने के बाद विभागीय सवाल का जवाब देने मंत्री विजय शाह भी पहुंचे। शाह को देखकर विपक्ष के विधायक भड़क गए और ‘विजय शाह इस्तीफा दो’ के नारे लगाने लगे। कांग्रेस विधायकों ने विजय शाह को मंत्रिपद से हटाने की मांग उठाई। जब विपक्ष को इस विषय पर बोलने का अवसर नहीं दिया गया तो सभी विपक्षी विधायक सदन के भीतर ही धरने पर बैठ गए। कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा की सेना का अपमान करने वाले मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस होने लगी। कांग्रेस के विधायक एक साथ सदन में नारेबाजी करने लगे। जिसके चलते कार्यवाही एक बार 10 मिनट और दूसरी बार आधे घंटे के लिए स्थगित करने पड़ी। सदन से वॉकआउट करने के बाद जब दोबारा कार्यवाही शुरू हुई तो कांग्रेस विधायक अपनी मांग पर अड़े रहे। दोपहर करीब डेढ़ बजे स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यवाही 4 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी।
मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सेना और एक महिला कर्नल का अपमान कोई छोटी बात नहीं है। विजय शाह का बयान न केवल अनुशासित सेना का अपमान है, बल्कि पूरे देश की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। लेकिन सरकार उन्हें लगातार संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि आज विजय शाह सदन में मौजूद रहे और सरकार की चुप्पी साबित करती है कि देशभक्ति से ज्यादा उनके लिए मंत्री और वोट बैंक महत्वपूर्ण है। कांग्रेस इस मुद्दे पर किसी भी सूरत में पीछे नहीं हटेगी और विजय शाह की बर्खास्तगी तक संघर्ष जारी रहेगा। यह प्रदर्शन कांग्रेस विधायकदल की राष्ट्र के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही की भावना को दर्शाता है, जहां देश की सेना और सम्मान से जुड़े हर मुद्दे पर कांग्रेस पूरी मजबूती से खड़ी है।
भांडेर से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा कि बीजेपी के पास बचने के लिए चार-पांच शब्द हैं, पाकिस्तान, मुसलमान, लव जिहाद, आतंकवाद और कश्मीर। ये पांच-छह शब्द हटा दिए जाएं तो भाजपा सरकार की ऑक्सीजन खत्म हो जाएगी। जब वे कमजोर पड़ते हैं और कोमा में जाने वाले होते हैं तो ये ऑक्सीजन लगा लेते हैं। मंत्री विजय शाह काे लेकर कांग्रेस विधायक बरैया ने कहा कि भारतीय सेना का अपमान करने वाले मंत्री काे इस्तीफा देना चाहिए। यह देश और आर्मी का अपमान है। हमारी बहनाें का अपमान है। उन्हें सदन में नहीं आना चाहिए।