छत्तीसगढ़ में ननों की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का संसद के बाहर प्रदर्शन

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित पार्टी के कई नेताओं ने बुधवार को संसद भवन के बाहर छत्तीसगढ़ में कैथोलिक ननों की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
प्रियंका गांधी ने पत्रकारों से कहा, केरल की ननों के साथ अत्यंत खराब व्यवहार किया गया। उन्हें ऐसी चीजों में आरोपी बनाया गया, जो उन्होंने की ही नहीं। उन्हें पीटा गया और फिर छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा पकड़ लिया गया। हम अल्पसंख्यकों पर इस प्रकार के हमलों का विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और उनकी धार्मिक स्वतंत्रता को दबाने की कोशिश की जा रही है। प्रियंका ने इस गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित करार दिया और इस तरह के कृत्यों की आलोचना की।
केरल की नन वंदना फ्रांसिस और प्रीति को शुक्रवार को दुर्ग रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था। इन दोनों पर जबरन कई लड़कियों का धर्मांतरण कराने और मानव तस्करी का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।