बांग्लादेश के पूर्व वायुसेना प्रमुख शेख अब्दुल हन्नान और उनकी पत्नी के खिलाफ दो मामले दर्ज

ढाका{ गहरी खोज }: बांग्लादेश के भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (एसीसी) ने देश के पूर्व वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल शेख अब्दुल हन्नान और उनकी पत्नी तहमीदा बेगम के खिलाफ अवैध संपत्ति अर्जित करने और बैंक खातों में संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के आरोप में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। एसीसी के महानिदेशक मोहम्मद अख्तर हुसैन ने पुष्टि की कि यह मामले कल एसीसी के उप निदेशक तंजीर हसीब सरकार ने ढाका स्थित आयोग के एकीकृत जिला कार्यालय में दायर किए।
दे डेली स्टार की खबर में यह जानकारी एसीसी के महानिदेशक मोहम्मद अख्तर हुसैन के हवाले से दी गई। हुसैन ने कहा कि पहले मामले में शेख अब्दुल हन्नान पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक 3.29 करोड़ टका की संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया है। इसके अतिरिक्त उनके नाम पर छह बैंक खातों के माध्यम से कथित तौर पर 27.63 करोड़ टका का संदिग्ध लेनदेन किया गया।
उन्होंने बताया कि दूसरे मामले में तहमीदा बेगम और उनके पति शेख अब्दुल हन्नान दोनों को आरोपी बनाया गया है। इस मामले के अनुसार, तहमीदा बेगम पर अपनी ज्ञात आय से अधिक 1.92 करोड़ टका की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। मामले में उनके नाम से 32 बैंक खातों के माध्यम से 1.18 करोड़ टका के संदिग्ध लेनदेन का भी उल्लेख है। यह मामले भ्रष्टाचार निरोधक आयोग अधिनियम, 2004 की धारा 27(1), धन शोधन निवारण अधिनियम, 2012 की धारा 4(2) और दंड संहिता की धारा 109 के तहत दर्ज किए गए हैं।
इससे पहले ढाका की एक अदालत ने 24 मई को शेख अब्दुल हन्नान, उनकी पत्नी तहमीदा बेगम और उनके बेटे शेख लबीब हन्नान के 38 बैंक खातों को जब्त करने का आदेश दिया था। अदालती दस्तावेजों के अनुसार, इन खातों में जमा कुल राशि 1,18,34,322 टका है। इससे पहले 06 मई को इसी अदालत ने पूर्व वायुसेना प्रमुख और उनके परिवार के छह अन्य बैंक खातों को भी जब्त करने का आदेश दिया था।
इसी साल 05 मई को अदालत ने हन्नान और उनके परिवार के सदस्यों की विदेश यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया था। हन्नान की वायु सेना प्रमुख के तौर पर नियुक्ति 12 जून 2021 को तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना ने की थी। हन्नान पर बांग्लादेश वायुसेना के वार्षिक बजट से 245 मिलियन डॉलर से अधिक की हेराफेरी करने और देश से कनाडा, संयुक्त राज्य अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात में धन भेजने का भी आरोप है।