स्वस्थ झारखंड के लिए अपनी भूमिका निभाएं चिकित्सक : सुदेश

रांची{ गहरी खोज }: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए चिकित्सक समुदाय को आगे आने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड को एक स्वस्थ, समृद्ध और विकसित राज्य बनाने में चिकित्सकों को अहम भूमिका निभानी होगी। सुदेश बरियातू स्थित डेंसिटी हेयर ट्रीटमेंट सेंटर में गुरुवार को पार्टी से जुड़े चिकित्सकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य के सुदूरवर्ती और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता काफी कम है। बैठक को पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, मुख्य प्रशिक्षक संजय बसु मल्लिक और प्रवीण प्रभाकर ने भी संबोधित किया। बैठक में स्वस्थ झारखंड के निर्माण का संकल्प लिया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर के आयोजन का निर्णय लिया गया।
सुदेश ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर नहीं है। राज्य में खाट पर मरीजों को ढोया जा रहा है। नीति आयोग की ओर से जारी स्वास्थ्य सूचकांकों में झारखंड का प्रदर्शन अन्य राज्यों की तुलना में पीछे है।
झारखंड एक ऐसा राज्य है, जहां प्राकृतिक संसाधनों की प्रचुरता के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं की कमी अब भी एक गंभीर चुनौती है। ग्रामीण क्षेत्रों में अस्पतालों की कमी, चिकित्सकों की अनुपस्थिति और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव जनता को बेबस कर देता है। आजसू पार्टी इस स्थिति को बदलने के लिए कटिबद्ध है। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक झारखंडी को समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो। बैठक में डॉ पार्थ परितोष, डॉ संतोष मोदी, डॉ अरुण कुमार, डॉ प्रतीक, डॉ कुंदन, डॉ अभिषेक, डॉ अंबुज, सुमंत मोदी, अमरदीप कुमार सहित अन्य मौजूद थे।