पंजाब में आआपा विधायक अनमोल गगन मान ने दिया इस्तीफा, छोड़ी राजनीति

0
90f7de17fb8b5fea9c7cefca55517946

चंडीगढ़{ गहरी खोज }: पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आआपा) की विधायक अनमोल गगन मान ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान भी किया है। अनमोल गगन मान ने अपना इस्तीफा पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष सरदार कुलतार सिंह संधवां को भेजा है। अनमोल गगन मान ने पिछले दिनों आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के साथ भी मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके सक्रिय राजनीति से दूर होने की चर्चाएं चल रही थी। शनिवार को इन चर्चाओं पर विराम लगाते हुए अनमोल ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया।
अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर उन्होंने लिखा, मेरा दिल भारी है। लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। स्पीकर से अनुरोध है कि मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जनता की उम्मीद पर खरा उतरेगी। पंजाब में आम आदमी पार्टी के संघर्ष के दौरान वर्ष 2020 में अनमोल गगन मान ने इस पार्टी का दामन थामा। उससे पहले अनमोल पंजाबी लोक गायकी के क्षेत्र में सक्रिय थीं। वह कई पंजाबी गीत और एल्बम भी निकाल चुकी हैं।
मान उस समय सुर्खियों में आई जब उन्होंने राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार करते हुए यह दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आने के बाद 24 घंटे के भीतर नशा तस्करों का सफाया कर दिया जाएगा। उन्होंने पार्टी से हटकर किसानों को 24 घंटे के भीतर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) लागू करने का वादा भी किया था। लेकिन सरकार बनने के बाद पार्टी यह दोनों वादे पूरे करने में असफल रही है, जिसके चलते प्रचार के दौरान के अनमोल के वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे थे। उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान खरड़ विधानसभा क्षेत्र से अनमोल गगन मान को प्रत्याशी बनाया और वह चुनाव जीत गईं। इसके बाद भगवंत मान मंत्रिमंडल में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया, लेकिन वर्ष 2024 में हुए फेरबदल में उनकी मंत्री पद से छुट्टी कर दी गई। कैबिनेट मंत्री रहते हुए ही अनमोल गगन मान ने पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट के एक वकील के साथ शादी की थी। अब पिछले कुछ महीने से वह सक्रिय राजनीति से दूर होकर केवल अपने विधानसभा क्षेत्र तक ही सीमित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *