प्रबुद्धजनों द्वारा शहर के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे साझा प्रयास सराहनीय: विश्राम मीणा

0
91667abd720de94ad4f83a8749d100da

बीकानेर{ गहरी खोज }: संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने कहा कि शहर के प्रबुद्धजनों द्वारा सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे साझा प्रयास सराहनीय हैं। वे यहां निर्विकल्प फाउंडेशन का ब्रोशर विमोचन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद से बाेल रहे थे। उन्होंने कहा कि निर्विकल्प फाउंडेशन ने देश और दुनिया में रह रहे प्रवासी बीकानेरियों को एक सूत्र में बांधने का काम किया है। संस्था प्रतिभाशाली जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और उनके करियर निर्माण में भी सहयोग करे। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों के दूरगामी सकारात्मक परिणाम आएंगे।
पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने कहा कि बीकानेर की गंगा-जमुनी संस्कृति और यहां की परंपराएं शहर को देश भर में विशेष पहचान दिलाती है। यहां के अनेक लोग देश और दुनिया में बीकानेर का नाम रोशन कर रहे हैं। निर्विकल्प ने इन्हें एक बार फिर अपनी जड़ों से जुड़ने का माध्यम दिया है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रबुद्धजन शहर के विकास के लिए चिंतन, मंथन और क्रियान्वयन करें, तो शहर की दिशा और दशा बदलने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। निर्विकल्प इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।
निर्विकल्प फाउंडेशन के फाउंडर डायरेक्टर डॉ चंद्रशेखर श्रीमाली ने संस्था द्वारा वर्ष पर्यंत किए गए कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन द्वारा बीकानेर की स्थापना दिवस पर ‘हरख बीकाणा’ और ‘बीकानेर गौरव अवॉर्ड’ प्रमुख कार्यक्रम हैं। गौरव अवार्ड का पेटेंट करवाए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी और कहा कि पेरेंटिंग सेमिनार, करियर काउंसलिंग कार्यक्रम जैसे सामाजिक सरोकार के कार्य भी निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर के प्रबुद्धजनों का निर्विकल्प पर भरोसा ही निर्विकल्प की असली ताकत है।
इस दौरान संभागीय आयुक्त और महानिरीक्षक पुलिस में फाउंडेशन की एक वर्ष की गतिविधियों पर आधारित ब्रोशर का विमोचन किया। निर्विकल्प फाउंडेशन से गत एक वर्ष में जुड़ने वाले नए सदस्यों का सम्मान इस दौरान किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाज से भी सोहनलाल बैद, राजेश चूरा, ड्यूश बैंक के वाइस चेयरमैन पंकज ओझा, दिनेश अग्रवाल बतौर अतिथि मौजूद रहे। इस दौरान किशोर सर का विशेष सम्मान किया गया। विनोद बाफना ने आगंतुकों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित ने किया।
इस दौरान जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक तथा प्रसार अध्यक्ष डॉ हरिशंकर आचार्य ने बताया कि प्रचार द्वारा निर्विकल्प फाउंडेशन के सहयोग से युवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। पहले चरण में 11 जिलों में चलने वाले इस अभियान की शुरुआत श्रीगंगानगर से होगी। इस दौरान युवाओं को केंद्र और राज्य सरकार की युवा कल्याण की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें इन योजनाओं से लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *