भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लिए बड़े सपने देखे हैं :मोदी

दुर्गापुर{ गहरी खोज }: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल के लिए बड़े सपने देखे हैं और वह एक ‘समृद्ध पश्चिम बंगाल’ का निर्माण करना चाहती है।
श्री मोदी ने राज्य के औद्योगिक शहर दुर्गापुर में आज 5400 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह सारी परियोजनाएं भाजपा के इस सपने को साकार करने का प्रयास हैं। उन्होंने कहा,“ दुर्गापुर स्टील सिटी होने के साथ ही भारत की श्रम शक्ति का भी एक बड़ा केंद्र है। भारत के विकास में दुर्गापुर की बहुत बड़ी भूमिका है और आज इस शहर की इसी भूमिका को मजबूत करने का हमें अवसर मिला है।” श्री मोदी ने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है उनसे दुर्गापुर की संपर्क सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और यहां गैस आधारित परिवहन तथा गैस आधारित अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में विकसित भारत के संकल्प की चर्चा है। इसके पीछे भारत में दिख रहे वे बदलाव हैं जिन पर विकसित भारत की इमारत का निर्माण हो रहा है। इन बदलाव का एक पहलू भारत में विकसित हो रही अवसंरचनात्मक सुविधाएं हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा,” हमें 2047 तक भारत को विकसित बनाना है। हमारा रास्ता है: विकास से सशक्तीकरण,रोजगार से आत्मनिर्भरता और संवेदनशीलता से सुशासन!”
श्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 साल में उनकी सरकार ने भारत में गैस पहुंचाने की सुविधाओं के विस्तार के लिए बहुत से कार्य किए हैं। पिछले दशक में रसोई गैस हर घर में पहुंच गई है, दुनिया इसकी सराहना कर रही है। एक देश, एक गैस ग्रिड और प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा योजना पर काम चल रहा है। इन योजनाओं के अंतर्गत पूर्व के शहर राज्यों में एक गैस पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। इसमें पश्चिम बंगाल भी शामिल है।श्री मोदी ने कहा,”पूरे देश में हमारा एक ही लक्ष्य है कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए।”
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मंत्रिपरिषद के सदस्य शांतनु ठाकुर और सुकांत मजूमदार, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ,सांसद समीक,भट्टाचार्य और ज्योतिर्मय महतो समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।