महिला शिक्षा और सामाजिक जागरूकता की प्रेरणा है सावित्रीबाई फुले का जीवन:बिरला

0
2025_7$largeimg10_Jul_2025_205125920

कोटा{ गहरी खोज }: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को कोटा के नान्ता क्षेत्र में नवनिर्मित सावित्रीबाई फुले सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर श्री बिरला ने गुरु पूर्णिमा की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उन संतों और महापुरुषों को स्मरण करने का अवसर देता है, जिन्होंने समाज को दिशा दी और व्यक्ति निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दिया। इस दौरान उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में गुरु का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। वह न केवल शिक्षा देता है बल्कि जीवन को दिशा और दर्शन भी देता है। सावित्रीबाई फुले इसी परंपरा की प्रतीक थीं, जिन्होंने उस समय बालिकाओं को शिक्षा देने का साहसिक कार्य किया जब समाज इसके घोर विरोध में था। विरोध और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद उनका संघर्ष और समर्पण आज भी समाज को प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले के प्रयासों का ही परिणाम है कि आज महिलाएं राजनीति, विज्ञान, प्रशासन, सुरक्षा, कृषि और तकनीक सहित हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं। भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति से लेकर सीमाओं पर तैनात महिला सैनिक तक, यह सब उसी शिक्षा की लौ का परिणाम है जो सावित्रीबाई फुले ने जलायी थी।
श्री बिरला ने कहा कि यह सामुदायिक भवन केवल एक संरचना नहीं बल्कि समाज की संवेदनाओं और मूल्यों का केंद्र है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा स्थापित की जाएगी ताकि यह भवन बालिकाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहे। उन्होंने कहा कि यह भवन गरीब परिवारों के सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए सम्मानजनक मंच बनेगा।
उन्होंने नान्ता क्षेत्र की समस्याओं की चर्चा करते हुए कहा कि यहां की कच्ची बस्तियों, सड़कों, पेयजल और शिक्षा जैसी बुनियादी आवश्यकताओं के मद्देनजर योजनाबद्ध रूप से विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज के वंचित वर्ग को सम्मानजनक जीवन मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *