मोदी ने एक्सिओम-4 मिशन के सफल प्रक्षेपण पर शुभकामनाएं दी

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत, हंगरी, पोलैंड और अमरीका के अंतरिक्ष यात्रियों के एक्सिओम-4 अंतरिक्ष मिशन के बुधवार को सफल प्रक्षेपण का स्वागत किया है।
श्री मोदी ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को भी शुभकामनाएं दीं। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, “ हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमरीका के अंतरिक्ष यात्रियों के अंतरिक्ष मिशन के सफल प्रक्षेपण का स्वागत करते हैं। भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं। वह अपने साथ एक अरब 40 करोड़ भारतीयों की इच्छाओं, आशाओं और आकांक्षाओं के साथ इस अभियान पर हैं। उन्हें और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की शुभकामनाएं!”
उल्लेखनीय है कि अरबों लोगों की उम्मीदों और सपनों को साकार करने के लिए एक्सिओम-4 मिशन भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य सदस्यों को लेकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए भारतीय समय के अनुसार दिन में 12 बजकर एक मिनट पर कैनेडी स्पेस सेंटर से रवाना हुआ। यह मिशन 14 दिन की अवधि का है1
यह मिशन 28 घंटों की यात्रा के बाद गुरूवार सुबह सात बजे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ेगा। मिशन में भारत, हंगरी ,अमेरिका और पौलेंड के अंतरिक्षयात्री शामिल हैं।