आपातकाल में कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की : रेखा

0
images

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने आज ही के दिन 1975 में सत्ता के लोभ में संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की निर्ममता से हत्या की थी।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने एक्स पर कहा ‘आज दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में आपातकाल की 50वीं बरसी के अवसर पर आयोजित विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ मिलकर किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्रियों प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, सांसद बांसुरी स्वराज और वरिष्ठ कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।”
उन्होंने कहा, “यह प्रदर्शनी उस काले अध्याय की सजीव स्मृति है, जब 1975 में सत्ता के लोभ में कांग्रेस सरकार ने संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की निर्ममता से हत्या की थी।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज संविधान हत्या दिवस पर हम उन सभी लोकतंत्र सेनानियों को कृतज्ञता और श्रद्धा के साथ नमन करते हैं, जिन्होंने जेलों की यातना सहकर, नागरिक स्वतंत्रताओं के हनन के विरुद्ध आवाज़ उठाकर और अपने जीवन को जोखिम में डालकर लोकतंत्र की लौ को बुझने नहीं दिया।”
उन्होंने कहा, “वह आंदोलन केवल राजनीतिक नहीं था, वह भारत की आत्मा की रक्षा का संग्राम था और यही कारण है कि देश की जनता ने कांग्रेस की तानाशाही मानसिकता को नकारते हुए, लोकतंत्र की पुनः स्थापना की। यह प्रदर्शनी न केवल इतिहास का पुनर्स्मरण है, बल्कि लोकतंत्र पर हमला करने वाली मानसिकता के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि भारत का लोकतंत्र हमारी आस्था है और जब भी उस पर कोई संकट आएगा, देश की जनता एकजुट होकर उसकी रक्षा करेगी। जय भारत, जय लोकतंत्र।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *