योग से बढ़ते हैं हम अहिंसा की ओर : यादव

0
IMG-20250621-WA0045-scaled

भोपाल{ गहरी खोज }: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग साधकों को प्रणाम करते हुए कहा कि योग से हम अहिंसा की ओर बढ़ते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने आज सुबह राजधानी भोपाल में अटल पथ पर आयोजित ‘योग संगम’ कार्यक्रम में योगाभ्यास किया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी उपस्थित रहे।
डॉ यादव ने कहा कि वे सभी योग साधकों को प्रणाम करते हैं। आज का दिन भारत के मूल दर्शन, जीवन शैली और हजारों वर्षों पुरानी हमारी योग परंपरा से पूरी दुनिया को परिचित कराने का गौरवशाली दिवस है। योग के माध्यम से हमारा मन शांत होता है, शांति से संतोष प्राप्त होता है और संतोष से हम अहिंसा की ओर बढ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि आज ही के दिन सूर्य नारायण देवता उत्तरायण की यात्रा पूर्ण कर दक्षिणायन की ओर प्रस्थान करते हैं।
आज वर्ष का सबसे बड़ा दिन है और इसके बाद रातें लंबी होने लगती हैं। अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए हम अपनी मूल अवधारणा वसुधैव कुटुम्बकम् की ओर अग्रसर होते हैं। हमारे लिए संपूर्ण पृथ्वी एक परिवार के समान है।
डॉ यादव ने कहा कि कोविड काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘जियो और जीने दो’ की भावना का साक्षात् रूप देखा गया। देशवासियों की रक्षा के साथ-साथ प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 100 से अधिक देशों को दवाइयां और अन्य आवश्यक संसाधन प्रदान कर वसुधैव कुटुंबकम् की मूल भावना का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि वे महर्षि पतंजलि को नमन करते हैं, जिन्होंने योग साधना के माध्यम से अष्टांग सूत्र प्रदान किया। जन्म से मृत्यु तक की इस यात्रा में परमात्मा हमें यश प्रदान करें, हमारे मन के भावों को प्रकृति से जोड़ें और हम सभी के साथ सदैव खड़े रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *