देश अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए तैयार, विशाखापत्तनम में योग करेंगे मोदी

नयी दिल्ली { गहरी खोज }:देश और दुनिया भर में कल पूरे मनोयोग के साथ 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जायेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में सामूहिक योग कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए तीन लाख से अधिक लोगों के साथ योगासन करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी शामिल होंगे।
विशाखापत्तनम में आयोजित इस कार्यक्रम में ‘योग संगम’ पहल के तहत देश भर में 10 लाख से अधिक स्थानों के साथ समन्व्य किया जायेगा।
यह कार्यक्रम सुबह साढे छह बजे शुरू होगा और पौने आठ बजे संपन्न होगा। इसमें देश भर से अभूतपूर्व भागीदारी की उम्मीद है। देश में विभिन्न जगहों पर आयोजत सत्रों में दो करोड़ से ज़्यादा लोगों के भाग लेने की उम्मीद है।
आंध्र प्रदेश सरकार इस अवसर को यादगार बनाने के लिए गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के प्रयास का भी समन्वय कर रही है। इसके अतिरिक्त, आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा पंजीकृत प्रतिभागियों को 50 लाख से ज़्यादा योग प्रमाणपत्र दिए जाएँगे, जिससे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह संस्करण देश की स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती की यात्रा में एक ऐतिहासिक क्षण बन जाएगा।
योग दिवस को देखते हुए दुनिया भर में अनेक देशों तथा अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं और प्रतिष्ठानों में भी योग सत्रों का आयोजन किया जायेगा। इसके लिए सभी जगह जरूरी तैयारियां कर ली गयी हैं।