योग संगम पर पंजीकरण संख्या चार लाख के पार

नयी दिल्ली{ गहरी खोज } : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के प्रमुख कार्यक्रम योग संगम के लिए संगठनों का पंजीकरण रिकार्ड चार लाख के आंकड़े को पार कर गया है।
केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने बुधवार को यहां बताया कि देश भर में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय याेग दिवस पर लाखों जगहों पर एक साथ योग प्रदर्शन होगा। सुबह साढे छह बजे से पौने आठ बजे तक आयोजित होने वाला योग संगम अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक योग कार्यक्रम होगा। इसमें लाखों संस्थान, संगठन और समुदाय एक साथ हिस्सा लेंगे।
योग संगम कार्यक्रम में भाग लेने के लिए योग संगम पोर्टल पर राजस्थान में सबसे अधिक 1,38,033 संगठनों ने पंजीकरण कराया है। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 1,38,033 और उत्तर प्रदेश में 1,01,767 संगठनों का पंजीकरण हुआ है।
इसके अलावा मध्य प्रदेश से 26,159, गुजरात से 19,951 और हिमाचल प्रदेश से 12,000 संगठन पंजीकृत किये गये हैं। पंजीकरण कराने वाले संगठनों में शिक्षण संस्थान, उद्याेग संगठन तथा गैर सरकारी संगठन शामिल हैं।
इस राष्ट्रव्यापी आयोजन का मुख्य कार्यक्रम आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव पांच लाख से अधिक योग प्रेमियों के साथ योगाभ्यास करेंगे।