आगरा में दो सड़क हादसों में छह लोगों की मौत

0
202506183430844

आगरा { गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में मंगलवार देर रात और बुधवार की सुबह हुई दो अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की जान चली गई और करीब 33 लोग घायल हो गए।
सुबह टहलने निकले लोगों पर एक मैक्स गाड़ी पलट गई, जिससे चार लोगों की मौत हो गई। इससे पहले लखनऊ एक्सप्रेस वे पर खड़े ट्रक में बस पीछे से टकरा जाने से दो लोगों की जान चली गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में बुधवार की सुबह मैक्स (मिनी ट्रक) पलट गई। हादसे की चपेट में आने से टहलने निकले तीन लोगों और मैक्स चालक की मौत हो गई। यह हादसा शाहदरा फ्लाई ओवर पर हुआ। लखनऊ मंडी से आम भरकर ला रही मैक्स गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर में टकराई और पलट गई। हाईवे किनारे टहलने के लिए निकले तीन लोग मैक्स के नीचे दब गए। चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए जब तक अस्पताल भेजा जाता, तब तक चार की मौके पर ही मौत हो गई।
मैक्स गाड़ी का क्लीनर भी गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। माना जा रहा है कि चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ। हादसे में शाहदरा निवासी राजेश (55), रामेश्वर (60), हरीबाबू (63) और गाड़ी चालक कृष्णा की मौत हो गई। भीषण हादसे की सूचना मिलते ही एसीपी हेमंत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से गाड़ी को हटाकर यातायात शुरू करवाया।
इससे पहले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जिले के फतेहाबाद क्षेत्र में देर रात करीब 1.10 बजे हुए सड़क हादसे में एक यात्री बस खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 32 लोग घायल हो गये। हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कई लोग लहूलुहान हालत में सीटों में फंसे रह गए। यह दुर्घटना फतेहाबाद थाना क्षेत्र के टोल नंबर 21 के पास हुई। बस दिल्ली से बिहार जा रही थी। जैसे ही बस टोल नंबर 21 के पास पहुंची, वहां खड़े ट्रक से जा भिड़ी।
सूचना पर यूपीडा की रेस्क्यू टीम, पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची। डेढ़ दर्जन से अधिक यात्रियों को बस की सीटों और खिड़कियों से काटकर बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *