मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 500 फीसदी से ज्यादा का इजाफा : यादव

भोपाल { गहरी खोज }: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि राज्य में पर्यटकों की संख्या में पिछले चार साल में 500 फीसदी से ज्यादा का इजाफा हुआ है।
इसके साथ ही उन्होंने देश-विदेश के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में राज्य में पर्यटन के लिए आने का आग्रह किया।
डॉ यादव ने एक्स पोस्ट में कहा, ‘मध्यप्रदेश की पुण्य धरा पर्यटकों की पहली पसंद बन गई है। 2020 की तुलना में 2024 में यहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में 526 प्रतिशत की वृद्धि हम सभी के लिए हर्ष, आनंद और गौरव का विषय है। सभी को आमंत्रण है, प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक समृद्धता और अद्भुत वन्य सम्पदा से परिपूर्ण मध्यप्रदेश में अवश्य पधारें।’
राज्य में धार्मिक, वन्य और सांस्कृतिक पर्यटन की अनेक प्रकार की संभावनाएं हैं। मध्यप्रदेश में बाघों के बाद अब चीतों की बसाहट से पर्यटन के क्षेत्र में और द्वार खुल गए हैं। राज्य में धार्मिक पर्यटन के लिए उज्जैन, ओंकारेश्वर, खजुराहो, चित्रकूट, मैहर, दतिया, ओरछा और सीहोर का सलकनपुर, मंदसौर का पशुपतिनाथ, आगर-मालवा का नलखेड़ा मंदिर प्रसिद्ध हैं। वन्य जीव पर्यटन में मंडला का कान्हा, उमरिया का बांधवगढ़, सिवनी का पेंच, पन्ना, होशंगाबाद का सतपुड़ा, श्योपुर का कूनो, भोपाल का रातापानी और शिवपुरी का माधव टाइगर रिजर्व प्रमुख अभयारण्य हैं।