फोन टैपिंग विवाद में गजेन्द्र सिंह शेखावत का कांग्रेस पर बड़ा हमला: कांग्रेस

जोधपुर{ गहरी खोज }: केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मंगलवार को जोधपुर में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा राज्य सरकार पर लगाए गए फोन टैपिंग के आरोपों का जवाब दिया। शेखावत ने कहा, ‘पिछली अशोक गहलोत सरकार में भी फोन टैपिंग के आरोप लगे थे। कांग्रेस नेताओं को पहले अपने अंतर्मन में झांककर अपने ऊपर लगे आरोपों पर विचार करना चाहिए। पूर्व सीएम गहलोत के तत्कालीन ओएसडी लोकेश शर्मा द्वारा दिल्ली पुलिस को दिए गए बयानों पर विचार करना चाहिए।’
गोविंद सिंह डोटासरा ने 16 जून 2025 को कांग्रेस वॉर रूम में मीडिया से बात करते हुए भजनलाल सरकार पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था, ‘दिल्ली की जनता मुख्यमंत्री और मंत्रियों के फोन सुन रही है। लोग आकर बताते हैं कि मुख्यमंत्री और मंत्री कहते हैं कि आप सीधे फोन न करें, आप समझिए, सीधे फोन न करें, बात ऊपर तक जाती है। अगर सीएम-मंत्री का यह हाल है तो बाकी का क्या हाल होगा? भाजपा नेताओं को डर है कि कब दिल्ली से किसी की पर्ची बदल जाए? मैं पूछता हूं कि क्या राजस्थान में अदृश्य शक्तियां काम कर रही हैं?
इस दौरान साइप्रस में पीएम नरेंद्र मोदी को सम्मानित किए जाने के सवाल पर शेखावत ने कहा कि यह सम्मान भारत के सभी नागरिकों के लिए गर्व की बात है। वहीं, जाति जनगणना से जुड़े सवाल के जवाब में शेखावत ने कहा कि कुछ लोगों को जाने-अनजाने में कुछ विषयों को समझने में परेशानी होती है। भाजपा एक पारिवारिक भावना से काम करने वाली पार्टी है और हम सामूहिक निर्णय प्रणाली से निर्णय लेने वाले लोग हैं. जब गहलोत साहब सत्ता में थे, तो उनके मंत्री और विधायक किस तरह की टिप्पणियां करते थे, पहले उन्हें एक बार उन पर विचार करना चाहिए, उसके बाद ही उन्हें कुछ भी कहने का अधिकार है।