अहमदाबाद विमान हादसे के 5 दिन बाद मिला प्रकाश चंद्र मेनारिया का शव, नम आंखों से बेटों ने दी अंतिम विदाई

उदयपुर{ गहरी खोज }: 12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुखद हादसे में दो सौ से अधिक यात्रियों की मौत हो गई और 1 यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया। अब अपनों के शव लेने आए परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे में राजस्थान के 14 लोगों की भी जान गई है, जिनमें से 4 लोगों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पांचवें व्यक्ति प्रकाश चंद्र मेनारिया की भी पहचान हो गई है। सोमवार शाम को रोहिड़ा स्थित उनके घर पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
प्रकाश चंद्र मेनारिया के परिवार के लिए ये पांच दिन कई सालों से कम नहीं थे। हर बीतते घंटे के साथ उम्मीद और चिंता के बीच संघर्ष जारी रहा। लेकिन सोमवार को उनकी धुंधली उम्मीद पूरी तरह खत्म हो गई, जब पिता के डीएनए का मिलान बेटे से करने की प्रक्रिया पूरी हुई। जिसके बाद आज सुबह (मंगलवार) उनके पैतृक गांव में उनके बेटों लोकेश और रोशन ने उनका अंतिम संस्कार किया। जिसके बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक प्रकाश चंद्र मेनारिया लंदन में कुक थे और पिछले कई सालों से वहीं काम कर रहे थे। एक महीने पहले वे अपने पिता का अंतिम संस्कार करने के लिए अपने पैतृक गांव रोहिड़ा आए थे। इसके चलते वे करीब डेढ़ महीने से यहीं थे। 12 जून को जब वे लंदन के लिए रवाना हुए तो उनके साथ रोहिड़ा निवासी उनके मित्र और शेफ वरदीचंद मेनारिया भी थे। इस विमान हादसे में उनकी भी मौत हो गई। प्रकाश चंद्र अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे थे, जिसके बाद उन्होंने विमान में सवार होने के बाद अपने परिजनों को सेल्फी भेजी। परिजनों को जैसे ही विमान हादसे की खबर मिली तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि जो शख्स चंद पल पहले उनके साथ था, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा।