जल स्रोतों का संरक्षण करना साझी जिम्मेदारी : ओम प्रकाश भडाणा

0
om-prakash

अजमेर{ गहरी खोज }: वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत रविवार को अतिरिक्त कलक्टर गजेंद्र सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में आनासागर की रीजनल कॉलेज स्थित चौपाटी पर श्रमदान कर साफ सफाई की गई।
इस अवसर पर श्री देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओम प्रकाश भडाणा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल पर राज्य में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत आनासागर झील की साफ सफाई करने का कार्य प्रेरणादायक साबित होगा। समस्त जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के साथ इनका संरक्षण भी आवश्यक है जो एक साझी जिम्मेदारी है। इसे सरकार के साथ-साथ जन समुदाय के सहयोग से ही किया जा सकता है। इस प्रकार की सफाई से आनासागर झील का संरक्षण और संवर्धन होगा। इस अभियान से प्रदेश के आमजन बड़ी संख्या में जुड़े हैं। इसी से जल संरक्षण का यह महा अभियान जन अभियान बना है।
उन्होंने कहा कि मानसून से पूर्व जल स्रोतों की साफ सफाई होने से उनका पुनरुद्धार हो रहा है। इस कार्य से क्षेत्र के कुएं एवं बावड़ियों की क्षमता बढ़ेगी। राजस्थान को जल संकट से निजात दिलाने में यह जन अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार की मंशा प्रत्येक घर को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। इस संकल्प को पूर्ण करने में जल संरक्षण का यह अभियान उपयोगी सिद्ध होगा। हरित राजस्थान की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बड़ी संख्या में वृक्षारोपण किया जाएगा। आज हम सभी को एक पेड़ मां के नाम लगाकर उसे बड़ा करने का संकल्प लेना चाहिए।
आनासागर झील को भी साफ करने के लिए शनिवार, रविवार तथा सोमवार के का दिन निर्धारित किया गया है। शनिवार को ज़ी सिने मॉल के पीछे के क्षेत्र में सफाई की गई थी। सोमवार को भट्टे वाली गली से मित्तल हॉस्पिटल के सामने तक की सफाई की जाएगी।
इस कार्य में कारागार प्रशिक्षण संस्थान, राजस्व अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, राजस्थान पुलिस, विकास समितियां, मां सावित्रीबाई फुले मातृशक्ति कल्याण संस्थान, राजस्व विभाग, नागरिक सुरक्षा विभाग, शिक्षा विभाग, गायत्री परिवार, वन विभाग, स्काउट, मॉर्निंग वॉक ग्रुप, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन, दिगंबर जैन युवा महासमिति, भारत स्वाभिमान न्यास एवं पतंजलि योग समिति तथा बजरंग मंडल सहित विभिन्न संस्थाओं ने अपनी भागीदारी निभाई। इस अवसर पर नगर निगम उपायुक्त अनिता, कीर्ति कुमावत, कारागार प्रशिक्षण संस्थान के पारस जांगिड़, जिला शिक्षा अधिकारी जग नारायण व्यास, गोविंद नारायण शर्मा, भारती श्रीवास्तव, डॉ. अरविंद गिरधर शर्मा सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *