पति के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का विरोध करने की मिली सजा, गंडक नदी में मिला नवविवाहिता का शव

लालगंज{ गहरी खोज }: जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव गंडक नदी में फेंक दिया। मृतका अंजली कुमारी की उम्र 19 वर्ष थी। उसकी शादी 25 वर्षीय ऋषि कुमार सहनी से 6 महीने पहले हुई थी। जो पति के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का विरोध करती थीं।अंजली सारण जिले के नयागांव निवासी गणेश सहनी की पुत्री थी। उसकी शादी सलेमपुर गांव निवासी रामबली सहनी के पुत्र ऋषि कुमार से हुई थी। मृतका के दादा सुभाष सहनी के अनुसार, ससुराल वालों ने पहले अंजली के साथ मारपीट की। उसके सर में चोट पहुंचाई और गला दबाकर हत्या कर दी। फिर शव को घर से तकरीबन डेढ़ KM दूर गंडक नदी में फेंक दिया।
गुरुवार को गांव वालों ने अंजली के परिवार को सूचना दी। जब परिजन ससुराल पहुंचे तो ससुर रामबली सहनी ने बताया कि अंजली रात 11 बजे शौच के लिए गई थी और वापस नहीं लौटी। लड़की पक्ष ने लालगंज थाना में सूचना दी। पुलिस ने खोजबीन शुरू की और आज शव गंडक नदी से बरामद हुआ। घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज थाने की पुलिस अधिकारी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दी है और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। मृतका के ससुराल वाले सभी घर छोड़कर फरार हैं।
इस संबंध में लालगंज थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा यह बताया गया था कि विवाहिता की हत्या कर गंडक नदी में शव को फेंक दी गई थी। सूचना के आधार पर शव को गंडक नदी से खोज कर बाहर निकल गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दी गई है आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।