अहमदाबाद विमान हादसा : नवविवाहिता की पहली उड़ान बनी आखरी, पति जा रही थी मिलने जा रही थी खुशबू

जोधपुर{ गहरी खोज }: अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में राजस्थान के बालोतरा जिले की रहने वाली खुशबू राजपुरोहित की भी जान चली गई। चार महीने पहले ही खुशबू की शादी हुई थी और वह अपने पति से मिलने लंदन जा रही थी। यह उनकी पहली विदेश यात्रा थी, लेकिन किसे पता था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी उड़ान होगी।
जानकारी के मुताबिक, बालोतरा जिले के अरबा गांव की खुशबू राजपुरोहित का विवाह चार महीने पहले जोधपुर के खरबेरा निवासी विपुल राजपुरोहित के साथ बड़े धूमधाम से हुआ था। विपुल लंदन के एक सरकारी अस्पताल में डॉक्टर के रूप में कार्यरत हैं। शादी के बाद विपुल लंदन लौट गए थे, और अब खुशबू अपने पति से मिलने जा रही थी। लेकिन अहमदाबाद में हुए विमान हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।
खुशबू का एयरपोर्ट में प्रवेश करते समय का एक वीडियो सामने आया है। साथ ही, उनकी शादी के चार महीने पुराने वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियोज को देखकर परिवार और गांव वालों का गम और आंसुओं का सैलाब थम नहीं रहा। पूरे अरबा गांव और खरबेरा में शोक की लहर है।
अरबा से खरबेरा तक हर तरफ मातम का माहौल है। लोग खुशबू को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी शादी की विदाई के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। हालांकि, हादसे में खुशबू की मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन जानकारी के अनुसार, विमान में सवार एक व्यक्ति को छोड़कर सभी की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद परिवार के लोग उम्मीद नहीं खो रहे और कह रहे हैं, “हमारी बेटी जरूर घर लौटेगी।”
गौरतलब है कि गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान AI-171, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस बोइंग 787-8 ट्विन जेट विमान में 230 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य समेत कुल 242 लोग सवार थे। हादसे में 241 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे।