भारत के पुनर्जागरण की निर्णायक यात्रा के साक्षी हैं मोदी सरकार के 11 वर्ष : राज्यवर्धन

बीकानेर{ गहरी खोज }: राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बीकानेर प्रवास के दौरान चार दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन बीते 11 वर्षों में मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों का सजीव दस्तावेज है, जिसमें भारत की विकास यात्रा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक मिलती है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इन ग्यारह वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने जिस गति से आधारभूत ढांचे, डिजिटल क्रांति, अंतरिक्ष विज्ञान, सुरक्षा और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में नए कीर्तिमान रचे हैं, वह एक नए भारत के निर्माण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का मंत्र अब न केवल नीतियों में बल्कि धरातल पर भी साकार रूप ले चुका है।
इस अवसर पर प्रदर्शनी में आये नागरिकों और युवाओं ने भी भारत की बदलती तस्वीर को देखा और सराहा। प्रदर्शनी में प्रदर्शित योजनाओं, जैसे डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, स्टार्टअप इंडिया, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन जैसी पहलों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने अपने प्रवास के दौरान बीकानेर में गौरव सेनानियों से भी आत्मीय मुलाकात की और उनके अनुभवों को सुना। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बीते दशक में भारतीय सेना को न केवल आधुनिक हथियारों से सुसज्जित किया है बल्कि उसकी रणनीतिक ताकत को भी दोगुना किया है। साथ ही सेना के प्रति सम्मान और गौरव का भाव देश के हर नागरिक में फिर से जागृत हुआ है।
कर्नल राठौड़ ने कहा कि यह नया भारत है जहां राष्ट्र की रक्षा करने वालों का सम्मान सर्वोपरि है और देश का हर नागरिक राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बन रहा है। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई योजनाओं को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि ये योजनाएं न केवल देश के आर्थिक और सामाजिक परिदृश्य को बदल रही हैं, बल्कि सैन्य बलों के सम्मान और गौरव को भी पुनर्स्थापित कर रही हैं।