बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘खान क्वेस्ट’ के लिए मंगोलिया पहुंची भारतीय सेना की टुकड़ी

नयी दिल्ली{ गहरी खोज } : भारत के 40 सैनिकों की एक टुकड़ी बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘खान क्वेस्ट’ में हिस्सा लेने के लिए बुधवार को मंगोलिया के उलानबटार पहुंच गयी।
इस अभ्यास में 14 से 28 जून तक अनेक देशों के सैन्य बल सहयोग और शांति स्थापना क्षमताओं को बढ़ाने के लिए एक दूसरे के साथ अनुभव साझा करेंगे। इस अभ्यास पिछला संस्करण गत वर्ष 27 जुलाई से 9 अगस्त तक हुआ था।
इसकी शुरूआत वर्ष 2003 में अमेरिकी और मंगोलियाई सशस्त्र बलों के बीच एक द्विपक्षीय कार्यक्रम के रूप में हुई थी। इसके बाद वर्ष 2006 से यह बहुराष्ट्रीय शांति स्थापना अभ्यास में बदल गया और अब इसका 22वां संस्करण हो रहा है।
भारतीय सेना की टुकड़ी में 40 कार्मिक शामिल हैं। इनमें मुख्य रूप से कुमाऊं रेजिमेंट की एक बटालियन के सैनिक और अन्य सेवाओं के जवान शामिल हैं। टुकड़ी में एक महिला अधिकारी और दो महिला सैनिक भी हैं।
अभ्यास ‘खान क्वेस्ट’ का उद्देश्य बहुराष्ट्रीय सेनाओं के साथ संचालन में भारतीय सशस्त्र बलों को शांति अभियानों के लिए तैयार करना है, जिससे संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय सात के तहत शांति समर्थन अभियानों में अंतर-संचालन और सैन्य तत्परता को बढाया जा सके। अभ्यास के दौरान उच्च स्तर की शारीरिक फिटनेस, संयुक्त योजना और संयुक्त सामरिक अभ्यास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसके अलावा सामरिक अभ्यासों में स्थिर और मोबाइल चेक पॉइंट्स की स्थापना, घेराबंदी और तलाशी अभियान, गश्त, शत्रु क्षेत्र से नागरिकों को निकालना, काउंटर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस अभ्यास, रणक्षेत्र में प्राथमिक चिकित्सा और हताहतों को निकालना आदि शामिल होंगे। अभ्यास में भागीदार देश संयुक्त अभियानों के संचालन के लिए रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं में अपनी सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करेंगे। इससे विभिन्न देशों के सैनिकों के बीच अंतर-संचालन और सौहार्द की भावना विकसित करने में मदद मिलेगी।