अंबाला ACB ने कैथल के ASI मनबीर सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार में चालान पेश किया, रिश्वत छीनने का आरोप

अंबाला{ गहरी खोज }: एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबाला ने भ्रष्टाचार के एक मामले में आरोपी उप निरीक्षक मनबीर सिंह, आर्थिक अपराध शाखा, जिला कैथल के खिलाफ न्यायालय, कैथल में धारा 7 पी.सी. एक्ट (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) और 75 बी.एन.एस. (भारतीय न्याय संहिता) के तहत चालान पेश किया है। आरोपी मनबीर सिंह पर शिकायतकर्ता से ₹1,00,000 की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने एसीबी अंबाला को दी गई अपनी शिकायत में बताया था कि उसके पिता के खिलाफ राजौंद थाना, जिला कैथल में एक मामला (अभियोग संख्या 36 दिनांक 24.2.2025) दर्ज है। इस मामले के जांच अधिकारी (तफतीशी अधिकारी) उप निरीक्षक मनबीर सिंह, शिकायतकर्ता के पिता का नाम मामले से निकालने और अभियोग को रद्द करने की एवज में ₹1,00,000 की रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद एसीबी अंबाला ने इस मामले में अभियोग संख्या 16 दिनांक 10.4.2025 धारा 7 पीसी एक्ट के तहत दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एसीबी की कार्यवाही के दौरान, आरोपी उप निरीक्षक मनबीर सिंह ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर सरकारी अस्पताल, कैथल बुलाया। आरोपी अपनी कार से सरकारी अस्पताल पहुंचा और अपनी गाड़ी का शीशा नीचे करके शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि देने के लिए कहा। जब शिकायतकर्ता ने आरोपी को गाड़ी से नीचे आकर रिश्वत लेने के लिए कहा, तो उप निरीक्षक मनबीर सिंह ने शिकायतकर्ता से अपनी गाड़ी में बैठे-बैठे ही छेड़छाड़ की और उससे जबरदस्ती रिश्वत की राशि छीनने की कोशिश की।
हालांकि, इसी दौरान एसीबी टीम की भनक लगने के कारण आरोपी मौके से फरार हो गया था। बाद में, उसी दिन देर शाम एसीबी टीम ने आरोपी मनबीर सिंह को उसके निवास स्थान कैथल से गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में अब चालान पेश कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही न्यायालय में चलेगी। यह मामला भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की सक्रियता को दर्शाता है।