भाजपा सरकार ने कांग्रेस सरकार के समय बने हेल्थ मॉडल को किया बर्बाद:गहलोत

जयपुर{ गहरी खोज }: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय देश दुनिया में चर्चा का विषय बना हेल्थ मॉडल को बर्बाद कर देने का आरोप लगाया है।
श्री गहलोत ने शनिवार को अपने बयान में यह आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में राजस्थान का हेल्थ मॉडल देश-दुनिया में चर्चा का विषय बना था परन्तु भाजपा सरकार ने इसे बर्बाद कर दिया है।
उन्होंने कहा कि अलवर में अस्पताल के आईसीयू में महिला रोगी से रेप की घटना तथा पाली के सरकारी अस्पताल में कांग्रेस की दलित नेता के साथ डॉक्टर द्वारा बदसलूकी एवं मारपीट की घटनाएं इसका उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अफसोस कर रही है कि ऐसी अकर्मण्य सरकार का अभी आधे से अधिक कार्यकाल बाकी है। इस समय में प्रदेश की कितनी दुर्गति होगी।