कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने भगवान सिंह रोलसाहबसर को दी अंतिम विदाई

जयपुर { गहरी खोज }: राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने क्षत्रिय युवक संघ के संरक्षक श्रद्धेय भगवान सिंह रोलसाहबसर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कर्नल राठौड़ ने कहा कि स्व. भगवान सिंह रोलसाहबसर का संपूर्ण जीवन समाज के उत्थान, युवा पीढ़ी के जागरण और संगठन के विस्तार को समर्पित रहा। वे सादगी, अनुशासन और सेवा के प्रतीक थे। उनका मार्गदर्शन समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्त्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय भगवान सिंह का योगदान केवल क्षत्रिय समाज ही नहीं, अपितु समूचे राजस्थान के लिए आदर्श रहा है। उनका सशक्त नेतृत्व और दूरदर्शिता समाज के नव निर्माण में मील का पत्थर साबित हुई।