अब सिर्फ दो चीजों से घर पर बनाएं टोफू, जानिए आसान तरीका

लाइफस्टाइल डेस्क { गहरी खोज }: आजकल लोग फिटनेस को लेकर पहले से ज्यादा सजग हो गए हैं। ऐसे में वो अपनी डाइट में भी हेल्दी चीजों को जोड़ने की कोशिश करते है। पहले तो लोग सिर्फ वेजिटेरिशन और नॉनवेजिटेरियन होते थे। लेकिन अब तक कुछ लोग वीगन हैं। वीगन यानी जो लोग पशु उत्पाद से बनी चीजें नहीं खाते हैं, जिसे डेरी प्रोडक्ट भी शामिल है। वीगन लोग प्रोटीन के लिए ना तो नॉनवेज खा सकते हैं और ना ही पनीर या किसी डेरी प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते है। ऐसे में उनके लिए प्रोटीन का बेहतरीन स्त्रोत होता है टोफू।
टोफू, जिसे ‘सोया पनीर’ भी कहा जाता है। इसे सोयाबीन से बनाया जाता है और इसमें प्रोटीन, कैल्शियम और आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। लेकिन अक्सर लोग इसे बाजार से खरीदते हैं, जो महंगा भी होता है और कई बार प्रिजर्वेटिव्स से भरा भी। ऐसे कितना अच्छा हो अगर हम इसे घर पर ही बना लें। जी हां, आप सिर्फ 2 चीजों की मदद से घर पर ही बाजार जैसा टोफू बना सकते हैं।
टोफू बनाने के लिए जरूरी इंग्रिडियंट्स
सोयाबीन 1 कप (भिगोया हुआ) नींबू का रस या सफेद सिरका 2 से 3 बड़े चम्मच पानी आवश्यकतानुसार
टोफू बनाने का तरीका
स्टेप 1: सोयाबीन का दूध बनाना
सबसे पहले 1 कप सोयाबीन को रातभर या कम से कम 8 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। जब दाने फूल जाएं, तो उन्हें अच्छे से धो लें। अब भीगे हुए सोयाबीन को मिक्सर में थोड़ा पानी डालकर पीस लें। इस पेस्ट को लगभग 3 कप पानी के साथ मिलाकर अच्छे से उबालें। जब दूध जैसा मिश्रण बन जाए, तो उसे मलमल के कपड़े या छलनी से छान लें। आपका सोया मिल्क तैयार है।
स्टेप 2: दूध को फाड़ना
तैयार सोया दूध को धीमी आंच पर गर्म करें। जब वह हल्का उबलने लगे, तो उसमें धीरे-धीरे नींबू का रस या सिरका मिलाएं। दूध कुछ ही मिनटों में फटने लगेगा और पानी (छाछ) अलग होने लगेगा।
स्टेप 3: टोफू को जमाना
अब इस फटे दूध को एक मलमल के कपड़े में छान लें और ऊपर से ठंडा पानी डालकर नींबू की खटास निकाल दें। कपड़े को कसकर बांधें और ऊपर कोई भारी चीज़ (जैसे बेलन या किताब) रख दें ताकि पानी अच्छे से निकल जाए। इसे 20-30 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। कपड़ा खोलते ही आपके हाथ में होगा ताज़ा, सॉफ्ट और घर का बना टोफू। आप इसे सलाद, सब्जी, स्टिर फ्राय या ग्रिल में इस्तेमाल कर सकते हैं।
टोफू से मिलते हैं गजब के फायदे
टोफू सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। यह प्रोटीन से भरपूर होता है, जिससे शरीर को ऊर्जा मिलती है और मांसपेशियां मजबूत होती हैं। इसमें कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स भी पाए जाते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करते है। टोफू में मौजूद हेल्दी फैट्स दिल की सेहत के लिए अच्छे होते हैं और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रखते हैं। इसके अलावा, इसमें आइसोफ्लावोन नाम का एंटीऑक्सीडेंट होता है जो शरीर को कैंसर जैसी बीमारियों से भी बचाने में मदद करता है। टोफू वजन कम करने वालों के लिए भी अच्छा ऑप्शन है, क्योंकि यह कम कैलोरी वाला और पेट भरने वाला होता है।। साथ ही यह दूध से नहीं बनता, इसलिए लैक्टोज इनटॉलरेंट और वेगन लोगों के लिए भी एक बेहतरीन और सेफ ऑप्शन है।