असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 14 हुयी, छह लाख लोग प्रभावित

गुवाहाटी{ गहरी खोज }: असम के 19 जिले अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों सहित 6,78,877 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि बाढ़ से संबंधित मौतों का आंकड़ा बढ़कर 14 हो गया है।
राज्य में बाढ़ से संबंधित मौत के अलावा पिछले महीने राजधानी गुवाहाटी में भूस्खलन के कारण पांच लोगों की मौत हो गई थी। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) द्वारा गुरुवार को जारी बुलेटिन में कहा गया कि 63 राजस्व क्षेत्रों के कुल 1474 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
सरकार ने बाढ़ प्रभावित विभिन्न जिलों में पीड़ितों के लिए 190 राहत शिविर और 215 राहत वितरण केंद्र खोले हैं ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक खाद्यान्न और अन्य बुनियादी वस्तुएं मिल सकें। एएसडीएमए के एक अधिकारी ने कहा, “पिछले 24 घंटों में बाढ़ के कारण दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें से एक नागांव और दूसरा कछार जिले से है।” उन्होंने कहा कि 41,000 लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है। उन्होंने कहा, “जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के लिए कहा गया है।”